Mumbai Firecracker Case: मुंबई में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Published On

मुंबई, एजेंसी। Mumbai Firecracker Case: मुंबई के विलेपार्ले में दीपावली की रात को पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

 पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे विलेपार्ले पश्चिम के वी.एम. रोड स्थित सानिध्य बिल्डिंग के सामने एचडीएफसी बैंक के पास फुटपाथ पर यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन लोगों का सहकारी भंडार सिग्नेचर दुकान के सामने सड़क पर पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद हो गया।

इस दौरान आरोपियों ने शिकायतकर्ता राकेशकुमार चौधरी के साथ मारपीट की। वहीं, 18 वर्षीय शुभंकर पर भी जानलेवा हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस मामले में जुहू पुलिस स्टेशन में सोमवार को केस दर्ज करते हुए 24 वर्षीय और 22 वर्षीय दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।

वहीं, मुंबई के मालवणी में पटाखे की दुकान में आग लगने से किशोर की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब 9.56 बजे मलाड वेस्ट में अब्दुल हमीद मार्ग पर गेट नंबर 8 के पास ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पटाखे की दुकान में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) की मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) के मुताबिक, आग दुकान के अंदर पटाखों, बिजली के तारों और बिजली के इंस्टॉलेशन तक ही सीमित थी। पटाखों में विस्फोट के बाद दुकान का स्लैब गिर गया। आग की चपेट में आने से 16 वर्षीय शहनवाज नियाज खान का शरीर बुरी तरह झुलस गया। बीएमसी के कर्मचारियों ने एंबुलेंस के जरिए शहनवाज को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts