अमृतसर बस हादसा: सीएम मान ने पीड़ितों से मुलाकात कर जताया दुख
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का किया ऐलान
अमृतसर, सच कहूँ/राजन मान। Amritsar News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बसों के साथ अमृतसर में हुए भीषण सड़क हादसे के पीड़ितों से रविवार को मुलाकात की और इस दुर्घटना में हुई कीमती जानों के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हादसे में घायल सभी 11 लोगों का बेहतर चिकित्सा उपचार भी सुनिश्चित करेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज मैंने नौशहरा पन्नुआं के पास हुए बस हादसे में घायल श्रद्धालुओं का हालचाल जानने के लिए अमृतसर के एक अस्पताल का दौरा किया। ईश्वर की कृपा से ज्यादातर घायल खतरे से बाहर हैं और उम्मीद है कि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेंगे। मैं इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले पाँच लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ मुफ्त चिकित्सा उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है।
विपक्ष दुखद हादसों पर न करे राजनीति: मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्षी दलों से इस गहरे दुखांत पर राजनीति न करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण हादसों को राजनीतिक विवाद का मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा दुखद हादसा हुआ है, लेकिन इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस घटना को सरकार की किसी भी कमी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
Comments