Railway Mega Plan: छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे का मेगा प्लान, 214 स्पेशल ट्रेनों के लगेंगे 2044 फेरे 

छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे का मेगा प्लान, 214 स्पेशल ट्रेनों के लगेंगे 2044 फेरे 

Published On

गोरखपुर, एजेंसी। Railway Mega Plan: सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। छठ पर्व पर लाखों की संख्या में लोग अपने घरों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने और सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे ने 214 स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों के कुल 2044 फेरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर जंक्शन पर दूरदराज से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए चार वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। इन जोन में यात्रियों के बैठने और विश्राम करने की व्यवस्था की गई है। साथ ही अनारक्षित टिकट काउंटर, कूलर और निशुल्क पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में प्लेटफॉर्म पर भीड़ के बीच परेशान न होना पड़े।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है। बिहार पुलिस की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग कर रही है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार ने बताया कि रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। छठ लोगों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। रेलवे की कोशिश है कि प्रत्येक यात्री सुरक्षित और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

एक ओर रेलवे ने 214 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है, वहीं दूसरी ओर नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों की पहली पसंद नियमित ट्रेनें बनी हुई हैं। इसका असर काठगोदाम से गोरखपुर और बिहार के सिवान होते हुए हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस में भी दिखाई दे रहा है। ट्रेन में इतनी भीड़ है कि यात्रियों को बाथरूम और गेट के पास खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया जबकि चढ़ने वाले यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में बैठाया गया।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts