बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, जेवर बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र: योगी
बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, जेवर बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र: योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया है। बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनेंगे तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी। मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर निर्माण संयंत्र की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 100 एकड़ में स्थापित होने वाला यह संयंत्र प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगा। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। योगी ने कहा कि जिस जेवर क्षेत्र की पहचान कभी अपराध और अराजकता से होती थी, वह आज देश के प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास के साथ यह क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर संयंत्र, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की तस्वीर बदली है। उत्तर प्रदेश अब उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बन चुका है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
योगी ने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में जगह बना चुका है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है, जबकि 7.50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को जल्द मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। सीएनएच का नया संयंत्र कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से प्रदेश में उद्योगों के अनुकूल कार्यबल तैयार किया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में रोजगार और नवाचार की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
Comments