कटरा सुनारन में कॉस्मेटिक गोदाम में भीषण आग, दूसरी-तीसरी मंजिल तक पहुंचीं लपटें

कटरा सुनारन में कॉस्मेटिक गोदाम में भीषण आग, दूसरी-तीसरी मंजिल तक पहुंचीं लपटें

Published On

फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के घनी आबादी वाले कटरा सुनारन में सोमवार को अनमोल कॉस्मेटिक के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते गोदाम की दूसरी और तीसरी मंजिल तक लपटें पहुंच गईं। घनी आबादी के बीच आग लगने से आसपास के मकानों और दुकानों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

           आग की भयावहता को देखते हुए करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। हालांकि कटरा सुनारन की गलियां बेहद संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में दमकल कर्मियों के सामने आग बुझाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने गलियों में दूर तक पाइप बिछाकर गोदाम तक पानी पहुंचाया और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें लगातार तेज होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गोदाम में आग की स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए गोदाम की दीवार तक तोड़ दी, जिससे अंदर तक पानी पहुंचाकर आग पर नियंत्रण पाया जा सके। कई घंटे तक चले अभियान के बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुटी रही और पुलिस ने भीड़ को घटनास्थल से दूर रखने का प्रयास किया।

लाखों का कॉस्मेटिक सामान जलकर राख

          अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कॉस्मेटिक सामान जलकर राख हो गया। आग से गोदाम में भारी नुकसान हुआ है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में गोदाम होने के कारण आग आसपास की इमारतों तक पहुंचने की आशंका से लोग परेशान रहे। गनीमत रही कि दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के चलते आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts