विकसित उदयपुर, श्रेष्ठ उदयपुर : विरासत के साथ विकास की नई राह
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन को साकार करने में जुटे महापौर
उदयपुर। ऐतिहासिक झीलों की नगरी उदयपुर केवल एक शहर नहीं बल्कि मेवाड़ की गौरवशाली विरासत, महाराणा प्रताप की वीरता, महाराणा उदयसिंह की दूरदर्शिता और हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है। हमारा दायित्व केवल सड़कों, नालियों और भवनों का निर्माण करना नहीं है। बल्कि इस ऐतिहासिक शहर की आत्मा को सुरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में हमारा स्पष्ट लक्ष्य है-विकसित उदयपुर, श्रेष्ठ उदयपुर।
उदयपुर के नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने अपने विजन को स्पष्ट करते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक शहर का विकास उसकी मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए होना चाहिए। उनका मानना है कि विकास का उद्देश्य केवल भौतिक संसाधनों का विस्तार नहीं बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना भी है।
महापौर का यह विजन शहर की सात प्रमुख प्राथमिकताओं-स्वच्छता, झीलों का संरक्षण, बेहतर सड़क एवं यातायात व्यवस्था, प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास, व्यापार और पर्यटन को प्रोत्साहन, जवाबदेह नगर निगम तथा जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता पर आधारित है। इन प्राथमिकताओं में सड़क नेटवर्क और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की भूमिका विशेष महत्वपूर्ण है, क्योंकि बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा संबंध नागरिकों के दैनिक आवागमन से लेकर पर्यटन, व्यापार और रोजगार तक है। प्रदूषणमुक्त और अत्याधुनिक सुविधा तकनीक से लैस 50 पीएम ई- बस सेवा के संचालन से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी, यातायात प्रबंधन सुगम होगा। सिंघवी ने अगले 100 दिन, छह माह, एक वर्ष और पूरे पांच वर्ष के कार्यकाल की प्राथमिकताओं का खाका प्रस्तुत किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम की कार्यशैली का मूल मंत्र सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही होगा।
सड़क नेटवर्क का सुदृढ़ीकरण, शहरी विकास को नई गति
उदयपुर में स्थानीय नागरिकों के दैनिक आवागमन के साथ पर्यटकों और व्यापारिक वाहनों का दबाव भी रहता है। ऐसे में वर्तमान यातायात चुनौतियों का समाधान करने के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर परिवहन अवसंरचना विकसित करना आवश्यक है। इसी दिशा में उदयपुर में लगभग 2.7 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए 136.89 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य किये हैं। बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी परियोजनाओं के साथ स्थानीय सड़कों की स्थिति, चौराहों का प्रबंधन, पार्किंग और पैदल यात्रियों की सुविधाओं पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसी दृष्टि से महापौर ने वार्डवार सड़कों की स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार सुधार कार्य करवाने तथा प्रमुख बाजारों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों के साथ कार्ययोजना बनाने की बात कही है।
हाईवे चौड़ीकरण से मजबूत होगी कनेक्टिविटी
प्रतापनगर से बलिचा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-8 के लगभग 11.5 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण का कार्य प्रमुखता से आगे बढ़ाया गया है। इसके साथ आहड़ नदी पर बने हाई लेवल ब्रिज के चौड़ीकरण के साथ भुवाणा–अंबेरी रोड और रानी रोड के सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी शहरी परिवहन के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। बेहतर हाईवे कनेक्टिविटी से उदयपुर में प्रवेश करने और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायता मिल सकती है।
एकलिंगपुरा एनएच–8 बाइपास पर अंडरपास निर्माण तथा उदियापोल से चित्तौड़गढ़ रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड जैसे संपर्क मार्ग भी इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं। बढ़ते शहरीकरण के दौर में केवल नई सड़कें बनाना पर्याप्त नहीं है। यातायात का प्रभावी प्रबंधन, तकनीक आधारित निगरानी और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग भी उतना ही आवश्यक है। उदयपुर में स्मार्ट मोबिलिटी के लिए 272.32 करोड़ रुपये के नए विकास कार्य प्रस्तावित हैं। महापौर सिंघवी की यातायात सुधार संबंधी प्राथमिकताओं और स्मार्ट मोबिलिटी की पहलों को एक साथ देखा जाए तो शहर के विकास में आधारभूत ढांचे के साथ उसके प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता भी स्पष्ट होती है।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बेहतर कनेक्टिविटी का आधार
उदयपुर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐतिहासिक महल, झीलें, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य यहां आने वाले पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण हैं। पर्यटन से होटल व्यवसाय, रेस्टोरेंट, टैक्सी सेवाएं, स्थानीय गाइड, हस्तशिल्पी, दुकानदार और अनेक छोटे व्यवसाय भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में शहर की सड़कें और परिवहन व्यवस्था पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महापौर ने व्यापार, पर्यटन और रोजगार को प्रोत्साहन देने को अपनी सात प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। बाजारों की सफाई, सार्वजनिक सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और पर्यटन स्थलों के आसपास बेहतर प्रबंधन के साथ व्यापारिक संगठनों तथा पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
झीलों का संरक्षण और स्वच्छता से सुरक्षित रहेगी पहचान
उदयपुर की विकास यात्रा उसकी प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के बिना अधूरी है। पिछोला, फतेहसागर और अन्य जलाशय शहर की सुंदरता के साथ पेयजल आपूर्ति, पर्यावरणीय संतुलन और पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। इसलिए शहर को आधुनिक बनाने के प्रयासों में झीलों का संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा केंद्रीय महत्व रखते हैं। महापौर ने झीलों के संरक्षण, जल प्रदूषण की रोकथाम, सीवेज प्रबंधन, जलग्रहण क्षेत्रों की सुरक्षा और हरित क्षेत्र के विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय आवश्यक होगा, ताकि विकास कार्यों के साथ प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। महापौर स्वयं स्वच्छता के इंदौर मॉडल का अध्ययन कर लौटे हैं। इस अनुभव के आधार पर शहर में सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं। स्वच्छता और झील संरक्षण के ये प्रयास उदयपुर की उस पहचान को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक हैं, जिसके कारण यह शहर देश और दुनिया में विशिष्ट स्थान रखता है।
प्रत्येक वार्ड का विकास, हर नागरिक तक सुविधाएं
शहर का समग्र विकास तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ प्रत्येक क्षेत्र और नागरिक तक पहुंचे। बड़ी सड़क परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन सुविधाओं के साथ मोहल्लों की सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। सिंघवी ने प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी है। इसके लिए पार्षदों से वार्डवार विकास कार्यों की सूची तैयार करने, उनकी प्राथमिकता निर्धारित करने और उपलब्ध बजट के अनुसार कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
दिसंबर 2024 में राज्य सरकार द्वारा उदयपुर नगर निगम की सीमा में 19 ग्राम पंचायतों के 33 गांवों को शामिल किए जाने का उल्लेख भी शहर के विकास को नया संदर्भ देता है। इससे विस्तारित क्षेत्रों को नियोजित शहरी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता बढ़ी है।
नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान
आधुनिक शहर की पहचान केवल उसकी सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि उसके प्रशासन की कार्यक्षमता से भी होती है। नागरिकों की शिकायतों का समय पर समाधान, सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच और अधिकारियों की जवाबदेही सुशासन के महत्वपूर्ण आधार हैं। महापौर ने शिकायतों के पंजीकरण, उनकी स्थिति की जानकारी और निर्धारित समय में समाधान की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के समय जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लिए एक माह से अधिक की प्रतीक्षा अवधि थी। अब यह अवधि घटकर चार से पांच दिन रह गई है।
पांच वर्षों में विकसित उदयपुर की परिकल्पना
महापौर पारस सिंघवी के सामने अब सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इन प्राथमिकताओं को ठोस परिणामों में बदलने की है। एलिवेटेड रोड, हाईवे चौड़ीकरण और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे कार्यों के साथ स्वच्छता, झील संरक्षण, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और वार्डवार विकास को समन्वित रूप से आगे बढ़ाना होगा। आगामी पांच वर्षों में उदयपुर के विकास की सफलता इस बात से तय होगी कि नागरिकों को दैनिक आवागमन में कितनी सुविधा मिलती है, सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता में कितना सुधार आता है, झीलों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण कितना प्रभावी रहता है और शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास का लाभ किस सीमा तक पहुंचता है।
मेवाड़ की गौरवशाली विरासत को संजोते हुए आधुनिक शहरी विकास की राह पर आगे बढ़ता उदयपुर एक ऐसी विकास दृष्टि की ओर बढ़ रहा है, जिसमें सुंदरता के साथ सुव्यवस्थित शहरी प्रबंधन, बेहतर कनेक्टिविटी के साथ पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं के साथ नागरिकों की जरूरतों को भी समान महत्व दिया जाता है। यही संतुलन 'विकसित उदयपुर, श्रेष्ठ उदयपुर' के संकल्प को सार्थक बनाने की सबसे महत्वपूर्ण कसौटी होगा।
Comments