Dhanteras News: धनतेरस पर सरसा के बाजारों में बरसा धन, 150 करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान
सोना-चांदी से लेकर कार-बाइक तक जमकर खरीदारी, 250 से ज्यादा दोपहिया वाहन बिके
सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। धनतेरस पर शुक्रवार को सरसा के बाजारों में खरीदारी का ऐसा उत्साह दिखा कि सुबह से देर शाम तक बाजार गुलजार रहे। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए परिवारों के साथ लोग बाजार पहुंचे। सर्राफा, ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर बाजार में खूब बिक्री हुई। कारोबारियों के मुताबिक जिले में धनतेरस पर 150 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
स्कॉर्पियो की डिमांड, 250 से ज्यादा दोपहिया बिके
ऑटोमोबाइल बाजार में स्कॉर्पियो का क्रेज देखने को मिला। खासकर ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो एन की मांग रही। ऑटोमेटिक स्कॉर्पियो की कीमत करीब 14 से 26 लाख रुपये तक रही। वहीं दोपहिया वाहन शोरूमों में 250 से ज्यादा बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटी बिकीं। कई ग्राहकों ने पहले से बुकिंग कराकर धनतेरस के शुभ मुहूर्त में वाहनों की डिलीवरी ली।
चांदी के सिक्कों के साथ मछली-कछुआ भी पसंद
सर्राफा बाजार में सोने के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्कों की खूब खरीदारी हुई। 5 से 100 ग्राम तक के सिक्कों की मांग रही। इसके अलावा चांदी की मछली और कछुए की आकृतियां भी ग्राहकों को खूब पसंद आईं। इनकी कीमत करीब 25 हजार रुपये तक रही।
बर्तन से टीवी-फ्रिज तक, हर बाजार में रौनक
धनतेरस पर बर्तन खरीदने के लिए सुबह से ही ग्राहक पहुंचने लगे। स्टील और पीतल के बर्तनों की बिक्री हुई। इसके साथ ही टीवी, फ्रिज, अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने दीपावली से पहले घर की जरूरत का सामान खरीदना पसंद किया।
रोड़ी बाजार से चांदनी बाजार तक पैर रखने की जगह नहीं
रोड़ी बाजार, सदर बाजार, हिसारिया बाजार, मेहता मार्केट, फैशन कैप वाली गली, बाम्बे वाली गली, सुरतगढ़िया बाजार, नोहरिया बाजार और चांदनी बाजार में दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। महिलाओं की भी बाजारों में खास भीड़ रही।



भीड़ के बीच पुलिस ने संभाली व्यवस्था
बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ाई। नगर परिषद की ओर से वन-वे ट्रैफिक और अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई। इससे बाजारों में यातायात को नियंत्रित करने में मदद मिली। देर शाम तक बाजारों में रौनक बनी रही और कारोबारी अच्छे कारोबार से उत्साहित नजर आए।
Comments