School News: कुस्सर स्कूल ने फिर लहराया परचम, सौंदर्यकरण में रानियां खंड का बना नंबर-1

तीसरी बार ब्लॉक स्तर पर प्रथम, पहले जिला स्तर पर भी रह चुका है अव्वल

Published On

Haryana Government School: सरसा/खारियां, (सच कहूँ/सुनील कुमार)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुस्सर ने खंड स्तरीय मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यकरण प्रतियोगिता में रानियां खंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। विद्यालय ने तीसरी बार ब्लॉक स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले वह एक बार जिला स्तर पर भी प्रथम रह चुका है। इस बार जिला स्तर के परिणाम का अभी इंतजार है। विद्यालय की इस उपलब्धि के पीछे स्टाफ की सामूहिक मेहनत, बेहतर प्रबंधन और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। विद्यालय कार्यभार प्रभारी संदीप कुमार चांदना के नेतृत्व में परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार पेंटिंग, मरम्मत और सौंदर्यकरण के विभिन्न कार्य करवाए गए। विद्यार्थियों को भी स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल किया गया।

बीईओ के मार्गदर्शन में तैयार किया बेहतर शैक्षणिक माहौल

रानियां के खंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार अरोड़ा के मार्गदर्शन में स्टाफ ने सौंदर्यकरण के साथ शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। स्वच्छता नोडल राकेश कुमार, इको क्लब प्रभारी सुलखन राम और मांगी लाल ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर स्वच्छता व हरियाली अभियान चलाया। पुस्तकालय, साइंस लैब, एस्ट्रोनॉमी लैब, एटीएल और व्यावसायिक प्रयोगशालाओं को भी व्यवस्थित किया गया। विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय के साथ बैठने की सुविधा भी उपलब्ध है। मिड-डे मील के दौरान विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से भोजन कराने के लिए डाइनिंग टेबल की विशेष व्यवस्था की गई है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार जिले के अन्य विद्यालयों में इस तरह की डाइनिंग व्यवस्था देखने को नहीं मिलती।
- रामानुजन गणित पार्क बना आकर्षण का केंद्र
विद्यालय परिसर में सड़क के साथ रामानुजन गणित पार्क विकसित किया गया है। इसमें कोणों के प्रकार, पजल कॉर्नर और वृत्त के गुण समेत गणित से जुड़े विभिन्न विषयों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है। स्कूल भवन पर बनाई गई कलाकृतियों के माध्यम से भी विद्यार्थियों को शिक्षा और सकारात्मक संदेश दिए जा रहे हैं। परिसर की हरियाली स्कूल आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
- स्टाफ ने अपने स्तर पर करवाई शहीद भगत सिंह की प्रतिमा की मरम्मत
विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में पूरे स्टाफ ने योगदान दिया। मिड-डे मील व्यवस्था में कुक-कम-हेल्परों ने स्वच्छता बनाए रखने में भूमिका निभाई। स्टाफ ने अपने स्तर पर सहयोग कर शहीद भगत सिंह की जीर्ण-शीर्ण प्रतिमा की मरम्मत भी करवाई। कक्षा प्रभारियों ने विद्यार्थियों के सहयोग से कक्षाओं की साफ-सफाई और व्यवस्था सुनिश्चित की। कार्यभार प्रभारी संदीप कुमार चांदना ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे स्टाफ और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता और सकारात्मक वातावरण निर्माण का भी स्थान है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता, हरियाली और शैक्षणिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया है।
--------------------------
कुस्सर स्कूल की यह उपलब्धि पूरे स्टाफ और विद्यार्थियों की मेहनत, टीम भावना और समर्पण का परिणाम है। विद्यालय ने सौंदर्यकरण के साथ शैक्षणिक सुविधाओं, स्वच्छता और हरियाली के क्षेत्र में भी शानदार काम किया है। हमें पूरा विश्वास है कि इसी मेहनत और टीम भावना के दम पर विद्यालय जिला स्तर पर भी एक बार फिर अपनी पहचान बनाएगा।
—राजकुमार अरोड़ा, बीईओ रानियां

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts