Nithya Raman LA Election Results: केरल में जन्म लेने वाली नित्या रमन अमेरिका में बनीं मेयर

लॉस एंजिल्स की पहली भारतीय-अमेरिकी मेयर ने रचा इतिहास

Published On

Nithya Raman Los Angeles Mayor: वाशिंगटन, (सच कहूँ/एजेंसी)। भारतीय मूल की नित्या रमन ने अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर के मेयर का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। केरल में जन्मीं रमन इस शहर की पहली भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई मेयर होंगी। मौजूदा मेयर करेन बास ने अपनी हार स्वीकार करते हुए उन्हें बधाई दी है। लॉस एंजिल्स काउंटी के ताजा चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, नित्या रमन को 52.70 प्रतिशत यानी 4,60,772 वोट मिले, जबकि करेन बास को 47.30 प्रतिशत यानी 4,13,519 वोट हासिल हुए।

जीत के बाद रमन ने खुशी जताते हुए कहा कि लॉस एंजिल्स की अगली मेयर बनना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। वहीं, करेन बास ने सत्ता का शांतिपूर्ण और सुचारू हस्तांतरण सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।रमन का चुनाव अभियान मुख्य रूप से सस्ते आवास, बेघर लोगों की समस्या और शहर की सुविधाओं में सुधार पर केंद्रित था। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, बेहतर रोशनी और पुलिस व्यवस्था में बदलाव का भी वादा किया था।

छह साल की उम्र में परिवार के साथ अमेरिका पहुंचीं रमन ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक और एमआईटी से नगर नियोजन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। राजनीति में आने से पहले उन्होंने बेघर लोगों की समस्याओं पर काम किया। वह 2020 में लॉस एंजिल्स नगर परिषद के लिए चुनी जाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बनी थीं। 2024 में दोबारा जीत दर्ज करने के बाद अब उन्होंने मेयर पद तक का सफर तय किया है। उनकी जीत को अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts