Haryana News: हरियाणा सरकार का चौकीदारों को दिवाली गिफ्ट, मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी

हरियाणा के ग्रामीण चौकीदारों का मानदेय बढ़ा, अब हर महीने मिलेंगे 15,221 रुपये

Published On

चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Haryana News: हरियाणा सरकार ने धनतेरस और दीपावली पर प्रदेश के ग्रामीण चौकीदारों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में उनका मासिक मानदेय 11 हजार से बढ़ाकर 15,221 रुपये करने की घोषणा की। इससे प्रत्येक चौकीदार को हर महीने 4,221 रुपये और सालाना 50 हजार रुपये से अधिक का फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने वर्दी, उपकरण और साइकिल भत्ते में भी बढ़ोतरी की। सभी फैसले आज से लागू होंगे।

सरकार ने वार्षिक वर्दी भत्ता 4 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपये, लाठी, बैटरी, सीटी और छाते का भत्ता 1 हजार से बढ़ाकर 1,500 रुपये तथा साइकिल भत्ता 3,500 से बढ़ाकर 5 हजार रुपये कर दिया है। इसके अलावा चौकीदारों को अब ईएसआई और हरियाणा श्रम कल्याण कोष का लाभ भी मिलेगा। इससे उन्हें इलाज, दुर्घटना और परिवार की जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

हर साल 27 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन फैसलों से प्रदेश सरकार पर हर साल करीब 27 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बढ़ा हुआ मानदेय हर महीने की 7 तारीख से पहले चौकीदारों के खातों में पहुंचे और उनका ईएसआई व श्रम कल्याण कोष में जल्द पंजीकरण किया जाए। 

बेहोश होकर गिरे चौकीदार की पुलिसकर्मी ने बचाई जान

पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम के दौरान एक ग्रामीण चौकीदार अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद हरियाणा पुलिस के सिपाही अनिल कुमार ने तुरंत सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। इसके बाद चौकीदार को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसकी जांच की। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रायपुररानी निवासी ग्रामीण चौकीदार यासीन शुक्रवार को सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष आॅडिटोरियम में आयोजित ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। सुबह करीब 10 बजे आॅडिटोरियम पहुंचते ही उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें बेहोश देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात सिपाही अनिल कुमार ने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया। कुछ देर बाद यासीन को हिचकी आई और उन्होंने आंखें खोल दीं। इसके बाद साथी उन्हें अस्पताल ले गए।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts