टोटो में नाबालिग से दुराचार का आरोप, पलामू पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पलामू में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, वाहन और मोबाइल जब्त
मेदिनीनगर, एजेंसी। Medininagar News: झारखंड के पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में टोटो (ई-रिक्शा) से यात्रा कर रही एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त टोटो और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर ली है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को पीड़िता ने उंटारी रोड थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि ग्राम लकड़ाही से टोटो पर सवार होकर हुसैनाबाद जाने के दौरान रास्ते में टोटो पर सवार तीन व्यक्तियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत एक विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें एक नवंबर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टोटो और तीन मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुबोध दीक्षित, मुकेश दीक्षित और अभय दीक्षित के रूप में हुई है। ये तीनों पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के ही भदुमा गांव के निवासी बताए गए हैं। इस छापेमारी अभियान में विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के साथ-साथ पांडू अंचल कैंप रेहला के पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि, सहायक अवर निरीक्षक साधुचरण दास और थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित कर स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके।
Comments