गुरुग्राम पुलिस ने सवा करोड़ का 673 किलो गांजा पकड़ा, दो गिरफ्तार  

गाड़ी में उड़ीसा से गांजा भरकर भिवाड़ी ले जा रहे थे

Published On

गुरुग्राम, सच कहूँ न्यूज़। Gurugram News: स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से भिवाड़ी ले जाया जा रहा 673 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी प्लास्टिक दानों के बैगों के बीच गांजा छुपाकर सप्लाई करने जा रहे थे, लेकिन गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हो गए।

जानकारी के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-65 के इंचार्ज उप-निरीक्षक अरुण की टीम 25/26 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को राजीव चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि राजस्थान नंबर के एक टाटा ट्रक में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध ट्रक पर नजर रखी और राजीव चौक के पास उसे रुकवाकर जांच की। ट्रक में चालक साबिर और क्लीनर सनावर मौजूद मिले। नियमानुसार तलाशी लेने पर ट्रक में प्लास्टिक दानों की बोरियों के नीचे नशीला पदार्थ छिपा मिला। पुलिस ने ट्रक से माल उतरवाया तो 23 बैगों में भरा 673 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

इसके अलावा ट्रक में भरे प्लास्टिक दानों के 767 बैग, 15 पोट और तस्करी में प्रयोग टाटा ट्रक भी कब्जे में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय साबिर निवासी गांव उदयपुर जिला खैरथल (राजस्थान) और 19 वर्षीय सनावर निवासी गांव मिजार्पुर जिला खैरथल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि ट्रक साबिर का ही है और वह खुद चालक है। उसने सनावर को 20 हजार रुपये महीने पर क्लीनर रखा हुआ था। साबिर गांजा लेने के लिए फ्लाइट से उड़ीसा गया था।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा भरकर भिवाड़ी राजस्थान में सप्लाई करने जा रहे थे। इसके लिए उन्हें उनके अन्य साथियों द्वारा दो लाख रुपये दिए जाने थे। आरोपी पहले भी दो बार इसी तरह प्लास्टिक दानों के बीच गांजा छुपाकर सप्लाई कर चुके हैं। यह तीसरी बार थी। इस संबंध में थाना सदर गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उनसे गांजे की सप्लाई के स्रोत, डिलीवरी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts