Khairthal Tijara Bribery Case: खैरथल-तिजारा में रिश्वत लेते डीएसटी टीम के दो कांस्टेबल गिरफ्तार

एसीबी ने दो लाख रुपये किये बरामद

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत लेने के आरोप में डीएसटी टीम के दो कांस्टेबलों को गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार, दोनों आरोपियों को परिवादी से 2 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया। रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर अलवर प्रथम चौकी की टीम ने 23 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ब्रजेश, कांस्टेबल नंबर 210 और ईश्वर सिंह, कांस्टेबल नंबर 333 के रूप में हुई है। दोनों खैरथल-तिजारा जिला डीएसटी टीम में तैनात बताए गए हैं।

कारखाने में कार्रवाई नहीं करने के बदले मांगी रिश्वत

एसीबी के मुताबिक, परिवादी ने शिकायत में बताया कि डीएसटी टीम के प्रभारी गौरव और टीम के सदस्य सादे कपड़ों में उसके कारखाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां लगे कैमरे हटवाए गए और नकली कलाकंद तैयार करने का आरोप लगाते हुए खाद्य विभाग की टीम को बुलाया गया। खाद्य विभाग ने कारखाने में मौजूद माल के नमूने लिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद कांस्टेबल ब्रजेश ने माल नष्ट होने और कारखाना सीज होने से बचाने के बदले 1 लाख रुपये देने की मांग की। वहीं, कांस्टेबल ईश्वर सिंह ने परिवादी के परिचित अन्य कारोबारियों से भी 50-50 हजार रुपये लेकर डीएसटी कार्यालय आने को कहा। ऐसा नहीं करने पर कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी देने का आरोप है।

सत्यापन के बाद ट्रेप कार्रवाई

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। ब्यूरो के अनुसार, सत्यापन के दौरान परिवादी और सहपरिवादी की फर्मों पर कार्रवाई नहीं करने तथा तैयार माल नष्ट नहीं करवाने के बदले कुल 2 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की बात सामने आई। इसके बाद एसीबी अलवर प्रथम चौकी ने पुलिस उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रेप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दोनों कांस्टेबलों को परिवादी से 2 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच

एसीबी के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा। ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में अग्रिम कार्रवाई जारी है।एसीबी ने नागरिकों से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94135-02834 पर साझा करने की अपील की है।

About The Author

Related Posts