Tiger Shroff Firing Case Updates: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, वारदात से पहले 45 मिनट तक रेकी करते रहे आरोपी
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, वारदात से पहले 45 मिनट तक रेकी करते रहे आरोपी
Tiger Shroff Firing Case Updates: मुम्बई। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में फॉरेंसिक टीम की जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच के अनुसार, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने से पहले आरोपी पुष्पा पार्क के पास करीब 45 मिनट तक इंतजार करते रहे। इसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास छोड़ी बाइक
वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस बीट चौकी के पास एक जगह पर बाइक छोड़ दी। जांच एजेंसियां आरोपियों की गतिविधियों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने घटना को किस तरह अंजाम दिया और फरार होने के लिए इस रास्ते को क्यों चुना।
क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, बिश्नोई गैंग से जुड़े मामलों की जांच पहले भी क्राइम ब्रांच करती रही है। इसी वजह से इस मामले की गहन जांच और संभावित गैंग कनेक्शन का पता लगाने के लिए जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
अब जांच एजेंसी आरोपियों की रेकी, वारदात के बाद उनकी गतिविधियों और मामले में किसी संगठित गिरोह की संभावित भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच करेगी। मामले में आगे की जानकारी जांच के निष्कर्षों के आधार पर सामने आने की उम्मीद है।