68,500 Teacher Recruitment 2018: 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 मामले में मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के आवास पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

OBC छूट और नई चयन सूची की मांग

Published On

68,500 Teacher Recruitment 2018: लखनऊ (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 के अभ्यर्थियों ने शनिवार को अपनी मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के आवास का घेराव किया। अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट देने और संशोधित परिणाम जारी कर नई चयन सूची तैयार करने की मांग की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की अपील की।  

'दस्तक दो अभियान' के तहत प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के मामले में ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट देने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने की संस्तुति की है। इसके बावजूद अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। 

अभ्यर्थियों ने मांग की कि आयोग की संस्तुति के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट देते हुए 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत उत्तीर्णांक निर्धारित किया जाए। इसके आधार पर परीक्षा परिणाम संशोधित कर सरकार नई सूची जारी करे, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सके। 

तूफान सिंह ने बताया कि इस मांग के लागू होने से ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिव्यांग अभ्यर्थियों, भूतपूर्व सैनिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों सहित अन्य संबंधित पात्र अभ्यर्थियों को भी लाभ मिल सकता है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अभ्यर्थियों से ज्ञापन लेने के बाद उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

मंत्री ने इस मामले में शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बातचीत के माध्यम से प्रकरण का निस्तारण कराने की बात कही है। अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति की छायाप्रति भी मंत्री को सौंपी। प्रदर्शन के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को बस में बैठाकर ईको गार्डन स्थित धरना स्थल भेज दिया। 

About The Author

Related Posts