Mukhyamantri Samuhik Vivah Yojana: कैराना में वैवाहिक बंधन में बंधे 86 युवा जोड़े

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कस्बे के अंबा मैरिज होम में विवाह समारोह आयोजित

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: जिला समाज कल्याण अधिकारी शामली रीतू रस्तोगी ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कैराना कस्बे के अम्बा मैरिज होम में विकास खंड कैराना क्षेत्र के 86 जोडो का विवाह एवं निकाह पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर भाजपा एमएलसी वीरेन्द्र सिंह मुख्यातिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित हुए। इसके अलावा, ब्लॉक प्रमुख कांधला डा0 विनोद मलिक, बीडीओ कैराना रोहित शर्मा, एडीओ पंचायत राहुल पंवार, एडीओ समाज कल्याण ऋतु गुप्ता, रणबीर प्रधान आदि भी मौजूद रहे। एमएलसी वीरेन्द्र सिंह ने नव-दम्पत्तियों को आर्शीवाद देते हुए उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।

उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार द्वारा प्रति युगल एक लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है, जिसमें 64 हजार रुपये की राशि कन्या के बैंक खाते में समाज कल्याण विभाग द्वारा भेजी जायेगी, जबकि शासन द्वारा 21 हजार रुपये के निर्धारित वैवाहिक उपहार सामग्री, वस्त्र आदि वर-वधु को दिये जायेंगे। इसके अलावा, 15 हजार रुपये की सीमा के अन्दर मैरिज हॉल, टैंट, भोजन, संस्कार तथा शादी अथवा निकाह आदि की समुचित व्यवस्था हेतु व्यय किये जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के आयोजन से राहत देना है। वर्तमान सरकार में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।

एमएलसी ने नव-दम्पत्ति जोडो को विवाह प्रमाण-पत्र भी वितरित किये। साथ ही कहा कि वर्तमान सरकार में बिना भेद-भाव के सभी पात्र लोगों को लाभार्थीपरक योजना में लाभ दिलाये जाने का कार्य किया जा रहा है। बीडीओ कैराना रोहित शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार, प्रशासन द्वारा समाज के सबसे निर्धन एवं जरूरतमंद पात्र व्यक्ति को ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। इस वर्ष से प्रश्नगत योजना में बायोमैट्रिक अथवा फेशियल उपस्थिति के उपरान्त ही जोडो का विवाह अथवा निकाह सम्पन्न कराया जा रहा है। इसके उपरांत, एमएलसी के कर कमलों द्वारा वर-वधु को लड्डू एवं ड्राईफ्रूट्स की टोकरियां वितरित कराई गई। वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए तीन लाख रुपये की वार्षिक सीमा तक के पात्र व्यक्ति ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। उन्होंने कहा कि बिटियां की शादी करना सौभाग्य का कार्य है। सोमवार को आयोजित समारोह में 28 हिन्दू एवं 58 मुस्लिम जोडों का विवाह सम्पन्न कराया गया।

Kairana News (2)

About The Author

Related Posts