शिक्षा और रोजगार
महाराजा अग्रसेन जयंती पर अग्रसेन पार्क में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित, समाज की सुख-समृद्धि की कामना
महाराजा अग्रसेन जयंती पर अग्रसेन पार्क में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित, समाज की सुख-समृद्धि की कामना
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर नगर के अग्रसेन पार्क में अग्रवाल युवा वर्ग की ओर से धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हवन-पूजन एवं आरती कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। वहीं, युवाओं के प्रयास से कराए गए पार्क के सौंदर्यीकरण की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करके किया गया।
इसके बाद, विद्वान पंडित के सान्निध्य में विधि-विधान से हवन संपन्न हुआ। हवन में संजय राजवंशी ने अपनी पत्नी रेनू राजवंशी के साथ आहुति देकर समाज के कल्याण की प्रार्थना की। तत्पश्चात पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इस अवसर पर हाल ही में युवाओं द्वारा कराए गए अग्रसेन पार्क का सौंदर्यीकरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। युवाओं की पहल से पार्क को नया स्वरूप मिला है। उपस्थित लोगों ने इसे सार्वजनिक धरोहरों के संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में सराहनीय कदम बताया। संजय राजवंशी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श समाज को समानता, सेवा, सहयोग और एकता का संदेश देते हैं।
धार्मिक आयोजनों के साथ सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। युवाओं द्वारा पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए किया गया प्रयास आने वाली पीढ़ी को समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगा। इस दौरान शक्ति सिंघल, संजय राजवंशी, अतुल गर्ग, कुलदीप सिंघल, शगुन मित्तल एडवोकेट, प्रदीप गोयल, सुनील, अमन गर्ग, शुभम सिंघल, रोहित बजरंगी, संजीव, लोकेश, अर्पण गर्ग, आर्यन बंसल, नीतीश गोयल, रौनक गर्ग, विशाल कंसल, चिराग गर्ग, नैतिक गोयल, मयंक गोयल, अंकित जिंदल, मनोज गर्ग, ऋषभ गर्ग, रेनू राजवंशी व रानी गोयल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।