शिक्षा और रोजगार
Blood Donation Camp: एमकेबी महासभा ने लगाया रक्तदान शिविर, कोतवाल ने किया शुभारंभ
एमकेबी महासभा ने लगाया रक्तदान शिविर, कोतवाल ने किया शुभारंभ
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: नवरात्रि एवं विजयदशमी के उपलक्ष्य में क्षेत्र के गांव अलीपुर में सर्वोदय जनकल्याण समिति एवं महर्षि कालूबाबा (एमकेबी) महासभा उत्तर-प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में छठे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान युवाओं और महिलाओं सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में करीब 60 से 70 लोग रक्तदान करने पहुंचे। चिकित्सकीय टीम के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद लगभग 25-30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
जांच के दौरान हीमोग्लोबिन की कमी एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारणों से कुछ लोगों को रक्तदान की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, स्वास्थ्य मानकों पर खरे उतरने वाले रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर एमकेबी महासभा प्रमुख दीपक कुमार बालान ने स्वयं भी रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। महासभा पिछले कई वर्षों से सामाजिक एकता, शिक्षा, जनजागरूकता और मानव कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय है। कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
ग्रामीणों ने भी महासभा की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करने का आह्वान किया। इस दौरान डॉ. सोनू कश्यप, मास्टर विजयपाल, साबिर अली, डॉ. पुष्पेंद्र कश्यप, नितिन, प्रदीप कश्यप, राहुल कश्यप, सत्येंद्र कश्यप, अत्तर सिंह, जितेंद्र, नितिन कुमार, कमल कश्यप, दीपांशु कुमार, अजय, राजा कश्यप, अनुभव कुमार, शुभम, गोविंद, कार्तिक व जोगिंदर आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने रक्तदाताओं और सहयोगियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा सभी का आभार व्यक्त किया।