शिक्षा और रोजगार
सहारनपुर में जिला ईंट निर्माता समिति के कार्यालय का शुभारंभ
सहारनपुर में जिला ईंट निर्माता समिति के कार्यालय का शुभारंभ
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: जिला ईंट निर्माता समिति(पंजीकृत) सहारनपुर के नवनिर्मित कार्यालय का रविवार को नवरात्रि के प्रथम दिवस पर विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ईंट भट्ठा स्वामियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ईंट उद्योग की एकता, संगठन की मजबूती और भट्ठा स्वामियों के हितों की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यालय का शुभारंभ श्री श्री 108 अखिलानन्द ब्रह्मचारी महाराज के शिष्य माधव नंद एवं नरेंद्र भाटिया द्वारा किया गया। वहीं, समिति की नियमावली(बायलॉज) का विमोचन महीपाल राणा ने किया।
इस दौरान संगठन की जिला संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष ओमवीर चौधरी के प्रयासों की भी खूब चर्चा हुई। वक्ताओं ने बताया कि ओमवीर चौधरी ने ईंट उद्योग के हितों के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने 25 जून 2023 से सन्नी चौधरी के साथ कदम से कदम मिलाकर बिना रुके और बिना थके कार्य किया। उनकी बेदाग छवि, ईमानदारी, वफादारी और दिन-रात की मेहनत को संगठन की मजबूती तथा ईंट उद्योग को नई बुलंदियों तक पहुंचाने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।
आजीवन सदस्यता शुल्क 11 हजार रुपये निर्धारित
समिति की ओर से आजीवन सदस्यता शुल्क 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। आजीवन सदस्य ही समिति के मतदान सदस्य होंगे और नियमानुसार पदाधिकारियों के चुनाव में भाग ले सकेंगे। समिति का उद्देश्य सदस्यों की सहमति से संगठन की निधि का उपयोग उद्योग हित और संगठन के विकास से जुड़े कार्यों में करना है। समिति का लक्ष्य आगामी पांच वर्षों के भीतर सहारनपुर में कम से कम 50 वर्ग गज भूमि पर अपने नाम से कार्यालय स्थापित करना है, जिससे संगठन को स्थायी आधार मिल सके और सभी सदस्यों को समान अधिकारों के साथ भागीदारी का अवसर मिले।
सीए से होगा आय-व्यय का ऑडिट
समिति के अनुसार, बैठकों और आवश्यक कार्यों का खर्च वार्षिक चंदे से संचालित किया जाएगा। संगठन की धनराशि का लेन-देन बैंक के माध्यम से होगा तथा प्रत्येक वर्ष चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) से आय-व्यय का ऑडिट कराया जाएगा। सदस्यों को बैलेंस शीट, बैंक स्टेटमेंट और आय-व्यय का विवरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी रखी जाएगी। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से बायलॉज और बैठकों में बहुमत से लिए गए निर्णयों का पालन करने की अपेक्षा की गई है। नियमों के उल्लंघन अथवा उद्योग हितों के विरुद्ध कार्य किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।
ये पदाधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
समिति में बृज भूषण शर्मा को संरक्षक, सन्नी चौधरी को अध्यक्ष, अकरम प्रधान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सत्तार अली को उपाध्यक्ष, अरुण चौहान को महामंत्री, अर्जुन पंवार को मंत्री, वरुण सैनी को कोषाध्यक्ष, सलीम को संगठन महामंत्री तथा अनिल गोयल को वरिष्ठ सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। समिति की ओर से कार्यालय में एक एडवोकेट और एक मुंशी की सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना भी बताई गई, ताकि भट्ठा स्वामियों को कानूनी मार्गदर्शन और आवश्यक कार्यों में सहयोग मिल सके।
संगठन विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह पर भी चर्चा
कार्यक्रम में संगठन के विस्तार और भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई। इस संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय आगामी बैठक में लिए जाने की बात कही गई। संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक भट्ठा स्वामियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से संघर्ष करना और ईंट उद्योग को मजबूत बनाना है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कार्यालय किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे जिले के ईंट भट्ठा स्वामियों का साझा केंद्र है।
संगठन पारदर्शिता, ईमानदारी, आपसी विश्वास और एकजुटता के साथ उद्योग के हितों के लिए कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में श्रवण शर्मा, अमित राणा, संजय चौधरी, सुधीर राणा, पिंटू प्रधान, बब्बू गोयल, अरुण सैनी, हाजी याकूब, जितेंद्र जेहरा, साहब सिंह राणा, परवेज प्रधान, सोनू भाटिया, रहमान, अर्जुन नकुड़, आजाद, आसिफ, फरमान, सुरेंद्र अरोड़ा, संजय लाला, छोटू सैनी, अशोक राणा, गोल्डी, अंशुल मित्तल, और वसीम माधोपुर सहित अन्य सम्मानित भट्ठा स्वामी मौजूद रहे।
1.jpg)