School Exam News: अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर आया बड़ा अपडेट! प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश

25 नवंबर से होंगी राज्य स्तरीय अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं

Published On

Rajasthan Half Yearly Exam 2026-27: श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)। राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9 से 12 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित होंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने परीक्षा की समय-सारणी के साथ प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 1:15 से शाम 4:30 बजे तक रहेगी। समय-सारणी में शामिल नहीं विषयों की परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। वहीं प्रायोगिक एवं विद्यालय स्तर की अन्य परीक्षाएं निर्धारित अंतराल दिवसों में कराई जाएंगी। 1 से 3 दिसंबर तक परीक्षा कार्यक्रम में अंतराल रहेगा, जबकि 6 दिसंबर को अवकाश रहेगा।

निजी स्कूलों में नहीं रखे जाएंगे प्रश्नपत्र

प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निजी विद्यालयों में किसी भी स्थिति में प्रश्नपत्र नहीं रखे जाएंगे। निजी विद्यालयों के प्रश्नपत्र संबंधित यूसीईईओ/पीईईओ के पास रखे जाएंगे। संभव होने पर प्रश्नपत्र पुलिस थानों में सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाएगी। अपरिहार्य स्थिति में पीईईओ/यूसीईईओ स्तर पर प्रश्नपत्र रखे जाने पर चौबीसों घंटे कार्मिकों की ड्यूटी लगाने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक को यह निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है कि प्रश्नपत्र पुलिस थाने में रखे जाएं अथवा पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों में। परीक्षा के दौरान संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्राचार्य की ओर से उड़नदस्ते गठित कर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर सूचना वायरल होने पर जिम्मेदारी तय

विभाग ने प्रश्नपत्र निर्माण अथवा परीक्षा से संबंधित किसी भी गतिविधि या संदेश के सोशल मीडिया पर वायरल होने की स्थिति में संबंधित संभागीय संयुक्त निदेशक की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता का कार्य जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में किया जाएगा। निदेशक माध्यमिक शिक्षा ललित कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षाओं का संचालन गोपनीय, शांतिपूर्ण और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

संघ ने पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि राज्य स्तरीय अर्द्धवार्षिक परीक्षा की समय-सारणी समय पर जारी होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर जारी निर्देश परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में गोपनीयता के साथ-साथ सभी केंद्रों पर समान व्यवस्था, समय पर प्रश्नपत्र उपलब्धता और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही परीक्षा आयोजन में शिक्षकों पर अनावश्यक अतिरिक्त कार्यभार न पड़े, इसका भी विभाग को ध्यान रखना चाहिए।

About The Author

Related Posts