ऊंचागांव प्रकरण में नया मोड़, युवती को अपने साथ ले गई हरियाणा पुलिस
हरियाणा पुलिस के युवती को साथ ले जाने पर कोतवाली पहुंचे रोहित प्रधान व ग्रामीण, पुलिस ने समझाई कानूनी प्रक्रिया
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: क्षेत्र के गांव ऊंचागांव की युवती से जुड़ा मामला चंडीगढ़ हाईकोर्ट के आदेश के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सोमवार शाम हरियाणा पुलिस द्वारा युवती को अपने साथ ले जाने की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन से जुड़े रोहित प्रधान व ग्रामीण कैराना कोतवाली पहुंच गए। यहां पुलिस अधिकारियों ने हाईकोर्ट के आदेश और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देकर स्थिति स्पष्ट की, जिसके बाद सभी वापस लौट गए।
ऊंचागांव निवासी एक युवती हरियाणा के यमुनानगर निवासी गैर समुदाय के युवक के साथ चली गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद कैराना पुलिस ने उसे बरामद कर न्यायालय में बयान दर्ज कराए थे। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने पर युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। बताया गया है कि चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने बयान हेतु युवती को तलब किया था। सोमवार को हरियाणा पुलिस कैराना कोतवाली पहुंची तथा उच्च न्यायालय के आदेश दिखाए। बताया गया है कि हाईकोर्ट ने युवती की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए थे। युवती को विगत 20 नवंबर को न्यायालय में उपस्थित होना था।
लेकिन वह पेश नहीं हुई। अब हाईकोर्ट ने 27 नवंबर को हरियाणा की यमुनानगर सिटी पुलिस और कैराना कोतवाली पुलिस को तलब किया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का नियमानुसार अनुपालन किया जा रहा है। अब सभी की नजर 27 नवंबर की न्यायिक कार्यवाही पर टिकी है। वहीं, हिंदूवादी रोहित प्रधान के आह्वान पर यमुनानगर कूच की तैयारियों की बात भी सामने आई है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का पालन किया जा रहा है।
Comments