Jobner University News: जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय में अंतर-महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

18 महाविद्यालयों की 18 टीमें, 842 विद्यार्थी ले रहे हैं भाग, खेलों के साथ होंगी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं

Published On

Jobner College Sports Festival: जोबनेर (गुरजंट धालीवाल)। श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर में पाँच दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. पी. एस. चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. संग्राम सिंह उपस्थित रहे।

Jobner-University-Sports

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं विश्वविद्यालय कुलगीत का सामूहिक गायन हुआ। कुलगुरु डॉ. पी. एस. चौहान ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। गत वर्ष के खेल चैंपियन छात्र कृषि महाविद्यालय फतेहपुर चंद्रभान द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित की गई।

अपने उद्बोधन में कुलगुरु डॉ. पी. एस. चौहान ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। खेल जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना, आपसी सौहार्द एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे तीन वर्षों तक टेबल टेनिस टीम के कप्तान रहे तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लिया।

विशिष्ट अतिथि पूर्व निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. संग्राम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें पूर्व निदेशक के रूप में संबोधित किया गया, लेकिन वे स्वयं को खिलाड़ी के रूप में संबोधित किए जाने पर अधिक गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें पाँच वर्षों तक स्पोर्ट्स चैंपियन रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के खाली समय को खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाना आवश्यक है, ताकि वे सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहें और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है। एक खिलाड़ी जीतेगा तो दूसरा हारेगा, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना।

निदेशक छात्र कल्याण डॉ. एन. के. गुप्ता ने बाहर से आए सभी महाविद्यालयों के प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य, धैर्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। अधिष्ठाता एवं संकाय अध्यक्ष डॉ. एल. आर. यादव ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया।

18 महाविद्यालयों के 842 विद्यार्थी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

सांस्कृतिक सचिव डॉ. किरण गौड़,  खेल सचिव डॉ. बसंत कुमार बिचर एवं आयोजक सचिव डॉ नरेंद्र ने बताया कि पाँच दिवसीय खेल महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 18 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 842 विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. ओ.पी. गढ़वाल एवं डॉ. हीना सहीवाला ने किया। अंत में सांस्कृतिक सचिव डॉ. किरण गौड़ ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts