Science Education News: 22 टीमों ने शोध रिपोर्ट के जरिए दिखाई वैज्ञानिक सोच

चयनित विद्यार्थी जयपुर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। विज्ञान एवं शैक्षिक प्रौद्योगिकी विभाग, बीकानेर की ओर से पहली बार हनुमानगढ़ जिले में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। टाउन स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नंबर 1 में आयोजित इस प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले की कुल 22 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें हनुमानगढ़ की 14 और श्रीगंगानगर की 8 टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी शोध रिपोर्ट प्रस्तुत कर वैज्ञानिक सोच और नवाचार का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले इस प्रतियोगिता का आयोजन श्रीगंगानगर जिले में किया जाता था। पहली बार हनुमानगढ़ को इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता के लिए अगस्त माह में ऑनलाइन आवेदन करवाए गए थे। विद्यार्थियों ने अपनी सुविधा के अनुसार शोध रिपोर्ट ऑफलाइन और पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। पीपीटी प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त विभिन्न समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और भारत के सतत विकास में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला तथा विज्ञान एवं शैक्षिक प्रौद्योगिकी विभाग बीकानेर के परियोजना अधिकारी कमलकांत स्वामी थे। इसके अलावा सीबीईओ काशीराम सहारण, एसीबीईओ दीपक मिड्ढा, प्रतियोगिता संयोजक राजकुमार, जिला समन्वयक इकबाल और जिला अकादमिक समन्वयक केवल कृष्ण मौजूद रहे। प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थी जयपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी।

इंस्पायर अवार्ड में हनुमानगढ़ की बड़ी उपलब्धि

इस मौके पर साइंस टीचर दिनेश सहारण ने बताया कि विज्ञान के क्षेत्र में हनुमानगढ़ जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत जिले के सभी सरकारी स्कूलों से शत-प्रतिशत नामांकन करवाया गया है। इसके तहत हनुमानगढ़ जिले के करीब छह हजार विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। यह जिले के लिए गौरव की बात है कि पूरे भारत में हनुमानगढ़ ने शीर्ष 10 जिलों में स्थान बनाया है।

उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के लिए शिक्षा विभाग के जेडी ऑफिस की ओर से देवेन्द्र ओझा, हरीश कुमार और दिनेश सहारण की टीम गठित की गई थी। टीम ने सभी ब्लॉकों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके सहयोग से पूरे जिले में शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा किया। इस प्रयास के परिणामस्वरूप इंस्पायर अवार्ड नामांकन में राजस्थान को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से उत्साहित शिक्षा विभाग हनुमानगढ़ को भविष्य में विज्ञान से संबंधित राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तरीय आयोजनों की मेजबानी मिलने की उम्मीद है। ऐसे आयोजन जिले के विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने, नवाचार करने और भविष्य की संभावनाओं को समझने के बेहतर अवसर प्रदान करेंगे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts