शिक्षा और रोजगार
Patwari Protest News: पटवारी देवीलाल से मारपीट के विरोध में जिलेभर के पटवारी सड़कों पर उतरे
सातों उपखंडों और पल्लू तहसील में धरना-प्रदर्शन कर जताया रोष
Patwari Devilal Assault Case: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। सूरतगढ़ निवासी और पीलीबंगा तहसील में कार्यरत राजस्व पटवारी देवीलाल के साथ सूरतगढ़ सिटी थाना प्रभारी कलावती व उनके स्टाफ की ओर से कथित मारपीट करने और अवैध रूप से हिरासत में रखने के मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में सोमवार को हनुमानगढ़ जिले के सभी सातों उपखंडों सहित आठवीं तहसील पल्लू में पटवारियों ने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। पटवारियों ने सूरतगढ़ सिटी थाना प्रभारी और घटना में संलिप्त पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग दोहराई।
जिला मुख्यालय पर राजस्थान पटवार संघ के बैनर तले जिला कलक्ट्रेट के सामने पटवारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। इस दौरान राजस्थान पटवार संघ के जिलाध्यक्ष अमरसिंह दहिया ने कहा कि 22 अक्टूबर को पटवारी देवीलाल के खिलाफ पुलिस की ओर से स्कूटी चलाते समय हेलमेट न पहने होने के कारण विधिसम्मत चालान की प्रक्रिया अपनाने के बजाय उनके साथ कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से मारपीट की गई और उन्हें हिरासत में रखा गया।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर राजस्थान पटवार संघ की ओर से श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक और बीकानेर रेंज के डीआईजी से कई बार मुलाकात कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद करीब एक माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पटवारियों में आक्रोश व्याप्त है। दहिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में जिलेभर के पटवारियों को धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सूरतगढ़ सिटी थाना प्रभारी कलावती और इस घटना में संलिप्त पुलिस स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए तथा उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
Comments