Saras Dairy News: आधुनिक डेयरी प्रबंधन का गुर सीखकर लौटे हनुमानगढ़ के प्रतिनिधि

गुरुग्राम में चार दिवसीय प्रशिक्षण में इंद्राज सिंह रामगढ़िया व राकेश कुमार ने लिया भाग

Published On

Modern Dairy Management: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। डेयरी व्यवसाय को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 17 से 20 नवंबर तक गुरुग्राम (हरियाणा) में चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (सरस डेयरी) की ओर से इंद्राज सिंह रामगढ़िया एवं 4एम दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सदस्य राकेश कुमार ने प्रतिनिधित्व किया।

लक्ष्मणराव इनामदार राष्ट्रीय सहकारी अनुसंधान एवं विकास अकादमी (एलआईएनएसी), गुरुग्राम की ओर से बीआईआरडी, लखनऊ के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण का विषय कुशल डेयरी व्यवसाय प्रबंधन एवं संचालन रहा। इसमें राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों की दुग्ध सहकारी समितियों, मिल्क यूनियनों एवं जिला दुग्ध संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक दूध संग्रहण व्यवस्था, गुणवत्ता जांच, दूध प्रसंस्करण, प्लांट संचालन, दूध-दही की पैकिंग, आइसक्रीम निर्माण, स्वचालित दूध संग्रहण प्रणाली, विपणन एवं वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी गई।

इस दौरान प्रतिभागियों ने अमूल दूधसागर डेयरी, मानेसर का शैक्षणिक भ्रमण कर आधुनिक मशीनरी, स्वचालन और दूध संग्रहण से लेकर पैकिंग तक की प्रक्रियाओं को नजदीक से समझा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) की वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि पात्र दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार ऋण सहायता प्राप्त कर दूध संग्रहण केंद्रों का विस्तार, आधुनिक मशीनरी की व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का विकास कर सकती हैं।

इसके अलावा राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (एनसीईएल) की गतिविधियों एवं सहकारी संस्थाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में विभिन्न राज्यों की डेयरी सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए। 20 नवंबर को समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान एलआईएनएसी-एनसीडीसी के निदेशक डॉ. मनोज कुमार तथा बीआईआरडी, लखनऊ से आए नाबार्ड अधिकारी अनीश कुमार सहित प्रशिक्षकों एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया गया।

इंद्राज सिंह रामगढ़िया ने बताया कि प्रशिक्षण से डेयरी व्यवसाय के आधुनिक प्रबंधन, तकनीकी विकास और सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। विशेष रूप से एनसीडीसी की वित्तीय सहायता योजनाएं पात्र समितियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को क्षेत्र की दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों एवं किसानों के हित में उपयोग करने का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (सरस डेयरी) के प्रबंध संचालक (एमडी) उग्रसेन सहारण हैं। दोनों प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए सरस डेयरी, एलआईएनएसी-एनसीडीसी, बीआईआरडी, नाबार्ड अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का आभार जताया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts