शिक्षा और रोजगार
Gopashtami News: गोपाष्टमी पर गोविंद गोधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, गोमाता का किया पूजन
सुंदरकांड पाठ में गूंजे भक्ति के स्वर, 108 दीपों की महाआरती रही आकर्षण का केन्द्र
Gau Mata Pooja: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को जंक्शन के अबोहर मार्ग स्थित श्री गोविंद गोधाम गोशाला परिसर में श्री गोशाला सेवा समिति की ओर से गोपाष्टमी उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा विधि-विधान से गोमाता का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गोमाता को तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर पूजा की गई। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हिस्सा लेकर हनुमान जी की आराधना की।
महिला संकीर्तन मंडल की ओर से भजन-कीर्तन के माध्यम से गोमाता की महिमा का गुणगान किया गया। शाम को आकर्षक रंगोली सजाई गई तथा गोशाला परिसर को दीपमाला से रोशन किया गया। 108 दीपों से की गई भव्य महाआरती ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस मौके पर गोसेवक सुल्तान सिंह सहू ने गोमाता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में मान्यता है कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। प्राचीन वैदिक संस्कृति में भी गायों के बीच रहने और गोसेवा करने का विशेष महत्व बताया गया है।
उन्होंने कहा कि गोमाता केवल पूजनीय ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के पालन-पोषण का आधार भी है। हम गोमाता का पालन नहीं करते, बल्कि गोमाता हमारा पालन करती है। गाय से प्राप्त पंचगव्य को अमृत के समान माना गया है तथा देसी गाय का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गोसेवा के लिए आगे आना चाहिए और गोमाता के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। गोपाष्टमी जैसे पर्व भारतीय संस्कृति में गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण के भाव को मजबूत करते हैं। आयोजन में समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से गोपाष्टमी उत्सव भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।
Comments