शिक्षा और रोजगार
Gaushala News: फाटक गोशाला को अब जमीन की दरकार, बीमार गोवंश की सेवा में तत्पर
50-60 किलोमीटर क्षेत्र से लाकर बीमार गोवंश का किया जा रहा उपचार गोपाष्टमी पर गोसेवकों का किया सम्मान, तुलादान व गोपूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु
Gopashtami Festival 2026: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को टाउन स्थित फाटक गोशाला में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री गोसेवा संस्था की ओर से आयोजित समारोह में प्रतिदिन गोशाला में सेवाएं देने वाले सेवादारों को तिलक लगाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में शहरवासी गोशाला पहुंचे और गोमाता का पूजन कर तुलादान किया। गोशाला परिसर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने सेल्फी लेकर पर्व की यादें संजोईं।
कार्यक्रम के दौरान हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर नरोत्तम सिंगला ने बताया कि गोशाला परिसर में प्रसाद तैयार करने के लिए बुधवार को रसोई निर्माण की नींव रखी जाएगी। उन्होंने गोशाला की एक बड़ी आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि यहां उपचार के बाद स्वस्थ होने वाले गोवंश को आसपास के गांवों की गोशालाओं में भेजा जाता है, लेकिन वहां कुछ समय बाद कई गोवंश फिर बीमार हो जाते हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि कोई दानदाता संस्था को जमीन दान करे, ताकि उपचार के बाद स्वस्थ हुए गोवंश को भी सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी बेहतर देखभाल की जा सके।
गोसेवक मुरलीधर गर्ग ने बताया कि फाटक गोशाला हनुमानगढ़ की सबसे पुरानी गोशाला है। पहले यहां निराश्रित गोवंश को लाया जाता था और बाद में मालिक रसीद कटवाकर अपने गोवंश को वापस ले जाते थे। वर्ष 2015 से संस्था की ओर से गोशाला परिसर की सुध लेते हुए जनसहयोग से मिट्टी भराई, शेड निर्माण सहित विभिन्न कार्य करवाए गए। वर्ष 2018 में एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बीमार एवं घायल गोवंश को गोशाला में लाकर उनका उपचार करवाना है।
वर्तमान में 50 से 60 किलोमीटर तक के क्षेत्र से बीमार गोवंश को एम्बुलेंस के माध्यम से गोशाला लाकर उपचार किया जा रहा है। इसके लिए अब दो एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि गोवंश की बढ़ती संख्या और सेवा कार्यांे के विस्तार के चलते गोशाला में जगह की कमी महसूस होने लगी है। मुरलीधर गर्ग ने गोभक्तों, दानदाताओं एवं सरकार से गोशाला के लिए अतिरिक्त जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की, ताकि बीमार गोवंश के उपचार के साथ-साथ स्वस्थ होने के बाद भी उनकी समुचित देखभाल की जा सके और गोसेवा का कार्य निरंतर जारी रह सके। समारोह में पूर्व पार्षद दीपक बंसल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गोभक्त मौजूद रहे।
Comments