Theft News: शोक में भादरा गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार

1.50 लाख के सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और 45 हजार रुपए नकद चोरी

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। टाउन शहर की पारीक कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। परिवार के सदस्य छोटे भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भादरा गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और कमरों, संदूकों व अलमारियों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। टाउन थाना पुलिस ने मकान मालिक की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 34, पारीक कॉलोनी निवासी 67 वर्षीय रामस्वरूप शर्मा पुत्र मूलाराम शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दी कि 20 अक्टूबर को उनके छोटे भाई दयाराम का आकस्मिक निधन हो गया था। इसके चलते परिवार के सभी सदस्य भादरा स्थित उनके निवास पर शोक व्यक्त करने और अंतिम संस्कार में शामिल होने गए हुए थे। घर पर किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

परिवादी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात करीब 10.30 बजे से 21 अक्टूबर की अल सुबह 4.30 बजे के बीच चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने कमरों और संदूकों के ताले तोड़ दिए तथा अलमारियों को खंगालते हुए पूरे घर का सामान बिखेर दिया। चोर घर से एक जोड़ी सोने के टॉप्स (6 ग्राम), एक सोने की अंगूठी (3 ग्राम), एक जोड़ी चांदी की पाजेब (8 तोला), दो जोड़ी बिछिया (एक तोला) और करीब 6 तोला वजन के चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर में रखे 45 हजार रुपए नकद भी चोरों ने पार कर लिए।

परिवादी ने चोरी हुए सोने के आभूषणों की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए तथा चांदी के सामान की कीमत 29,400 रुपए बताई है। वहीं चोरों ने घर के मुख्य गेट, अलमारियों और अन्य स्थानों के ताले तोड़कर करीब 25 हजार रुपए का अतिरिक्त नुकसान भी पहुंचाया। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन चोरी गए सामान और अज्ञात चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक कृष्णलाल को सौंपी गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts