Junction Theft News: ताले तोड़कर नकदी-चांदी के जेवरात और कपड़े चोरी

दो माह तक सामान लौटाने का आश्वासन देते रहे आरोपी, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जंक्शन थाना क्षेत्र के सुरेशिया स्थित वार्ड नंबर 57 में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और कपड़ों सहित हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। वारदात के समय मकान मालकिन पड़ोस में आयोजित जागरण में गई हुई थी। जंक्शन थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार वार्ड नंबर 57, सुरेशिया निवासी सुनीता (45) पत्नी राधेश्याम माली ने रिपोर्ट दी कि वह 18 सितंबर की रात करीब 9 से 10 बजे पड़ोस में आयोजित जागरण में गई थी। घर पर उसका पति सो रहा था। रात करीब 12 बजे जब वह वापस लौटी तो मकान के गेट के ताले खुले हुए थे तथा कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। पेटी और संदूक के ताले भी टूटे हुए मिले।

जांच करने पर घर से एक मोबाइल फोन, चांदी की दो जोड़ी पायजेब, दो बिछुए, छह और तीन तोले की चांदी की दो चेन, चांदी की अंगूठी, तीन चांदी के सिक्के, चांदी का एक मंगलसूत्र, चांदी की दो छोटी बालियां, तीन चांदी के छल्ले, 8 हजार रुपए नकद और 10-12 नए सूट चोरी होना सामने आया।

पीड़िता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि अपने स्तर पर पता करने पर पड़ोस में रहने वाले अरुण उर्फ अन्नू पुत्र मांगी, मांगी का दामाद मंगत निवासी पदमपुर तथा उनके रिश्तेदार संदीप की चोरी में संलिप्तता सामने आई। पीड़िता के अनुसार आरोपियों के परिजनों ने भी चोरी की बात स्वीकार करते हुए पुलिस कार्रवाई नहीं करने और 15-20 दिन में चोरी का पूरा सामान लौटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि करीब दो माह बीतने के बावजूद सामान वापस नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता ने जंक्शन थाने में रिपोर्ट पेश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करवाने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई विजेन्द्र कुमार को सौंपी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts