Festival Security News: दीपावली पर सुरक्षा का मजबूत पहरा, बाजारों से चौराहों तक पुलिस की विशेष तैनाती
जंक्शन क्षेत्र में 14 प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात, पैदल, बाइक और मोबाइल गश्त से रखी जा रही निगरानी
Hanumangarh Police Alert: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए हनुमानगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जंक्शन क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस की ओर से सुबह 11.30 बजे से रात 11 बजे तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस के अनुसार भगतसिंह चौक से सब्जी मंडी तक पैदल गश्त की जा रही है। इसके अलावा बस अड्डा, राजीव चौक, पटाखा मार्केट, रोडवेज डिपो, ट्रक यूनियन एवं लाल चौक पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। खुंजा क्षेत्र में मोटर साइकिल गश्त, चूना फाटक पर फिक्स पिकेट तथा सुरेशिया चौकी क्षेत्र में नियमित गश्त की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार शहीद भगतसिंह चौक पर 112 मोबाइल गश्त वाहन, चेतक मोबाइल, सिविल लाइंस में मोटर साइकिल गश्त के साथ अग्रसेन चौक और चुंगी नंबर 8 पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस जवान बाजारों में भीड़भाड़, यातायात व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। हनुमानगढ़ पुलिस ने आमजन की सुविधा और त्वरित सहायता के लिए ड्यूटी पर तैनात जवानों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली का त्योहार खुशियों और सौहार्द के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने आमजन से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
Comments