शिक्षा और रोजगार
Hanumangarh Road Accident: तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को मारी टक्कर, चालक मौके से फरार
घायल के परिजनों के पहुंचने पर कार सवारों ने निकाली लाठियां व बरछियां, नोहर थाने में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। नोहर थाना क्षेत्र के गांव मालिया में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक व्यक्ति घायल हो गया। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक मौके से वाहन लेकर भागने लगा और इस दौरान विद्युत पोल तथा स्कूल के गेट के पास लगे चेतावनी बोर्ड को भी टक्कर मार दी।
वहीं, मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ वाहन में सवार लोगों की ओर से लाठियां और बरछियां निकालकर मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। नोहर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, वकील कुमार (24) पुत्र प्रभुराम धाणक निवासी वार्ड नंबर 5, मालिया ने नोहर थाने में रिपोर्ट दी कि उसके पिता प्रभुराम 2 नवंबर की रात करीब एक बजे चौगान से अपने घर जा रहे थे।
इसी दौरान टीकू की दुकान के पास पीछे से आए वाहन आरजे 49 यूए 1881 के चालक मुकेश कुमार पुत्र सिंगाराम निवासी मालिया ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में प्रभुराम के सिर, मुंह और बाईं तरफ के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा और इस दौरान विद्युत पोल तथा स्कूल के गेट के पास लगे चेतावनी बोर्ड को भी टक्कर मार दी।
कुछ देर बाद प्रार्थी और उसके साथ आए लोग वाहन के पास पहुंचे तो उसमें सवार राकेश पुत्र ताराचंद निवासी मालिया सहित 2-3 अन्य लोगों ने वाहन से लाठियां और बरछियां निकाल लीं। इसके बाद प्रार्थी अपने घायल पिता को घर ले गया और सुबह उपचार के लिए सरकारी अस्पताल नोहर पहुंचाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह को सौंपी है।
Comments