Jaipur Railway News: गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन को आईजीबीसी की प्लैटिनम रेटिंग

पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं के फलस्वरूप ग्रीन स्टेशन प्रमाणन में 86 अंक हासिल

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) की ग्रीन रेलवे स्टेशन रेटिंग में 86 अंकों के साथ सर्वोच्च प्लैटिनम रेटिंग प्राप्त की है। यह उपलब्धि स्टेशन पर पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं के निरंतर विकास और सतत सुधार को दर्शाती है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा के दिशा-निर्देशानुसार गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था, वाटर रिसाइक्लिंग, हरित क्षेत्र के विकास तथा कचरा प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी प्रयासों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। इन व्यवस्थाओं से स्टेशन को अधिक पर्यावरण अनुकूल, ऊर्जा दक्ष एवं हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

गांधीनगर जयपुर स्टेशन की इस उपलब्धि के संबंध में आईजीबीसी द्वारा प्रमाणन प्रक्रिया समीक्षा कर, सर्टिफिकेट दिया जा रहा है। प्रक्रिया में स्टेशन पर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए किए गए कार्यों का आकलन किया गया। गांधीनगर जयपुर स्टेशन के 86 अंकों के साथ प्लैटिनम रेटिंग प्राप्त करना पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के अन्तर्गत ऊर्जा खपत में कमी के लिए ग्रीन बिल्डिंग आधारित विभिन्न व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है, जिसमें नवीनीकरणीय ऊर्जा, वर्षा जल संचयन आदि जैसे संसाधन महत्वपूर्ण सुविधाएं स्थापित की गई है। पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के लिए स्टेशन पर लगभग 1400 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया गया है।

आईजीबीसी द्वारा गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन की इस उपलब्धि को अन्य रेलवे स्टेशनों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया है। गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन को प्रतिष्ठित रेटिंग उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के कुशल उपयोग तथा सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान प्रदान करती है। यह उपलब्धि भविष्य में अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी हरित एवं पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts