Jaipur Dairy News: जयपुर डेयरी इस बार दिवाली पर बेचेगी 100 टन मिठाईयां
डेयरी ने मिठाई हेतु तैयार किये 100 डेडीकेटेड बूथ
Jaipur Dairy Diwali Sweets: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. (जयपुर डेयरी) द्वारा दिवाली पर आमजन को शुद्ध व उच्च गुणवत्तायुक्त मिठाईयां उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरस घी से निर्मित पारम्परिक मिठाईयों की विशेष रेंज बाजार में उतारी है। अब उपभोक्ताओं के लिये जयपुर डेयरी द्वारा निर्मित काजू कतली एवं बूंदी लड्डू भी जयपुर शहर के प्रमुख बूथों एवं सरस पार्लरों पर बिक्री हेतु उपलब्ध रहेगें। जयपुर डेयरी के प्रबन्ध संचालक मनीष फौजदार ने कहा कि जयपुर डेयरी का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को वाजिब दाम में शुद्ध व पौष्टिक मिठाईयां उपलब्ध करवाना हैं। इसी उद्देश्य के साथ जयपुर डेयरी ने अब 500 ग्राम एवं 01 किलो पैकिंग में काजू कतली तैयार की है, जिनकी दर 500 रू. आधा किलो एवं 1000 रू. एक किलो होगी।
इसके साथ ही उपभोक्ताओं को अब बूंदी लड्डू आधा किलो पैकिंग में उपलब्ध होगी।इसकी दर 200 रू. निर्धारित की गई हैं। गत वर्ष जयपुर डेयरी द्वारा 33 टन मिठाईयां बिक्री की गई थी। इस वर्ष जयपुर डेयरी ने 100 टन मिठाईयां विक्रय करने का लक्ष्य निर्धारित किया हैं। इस हेतु जयपुर डेयरी ने 100 डेडीकेटेड बूथ मिठाई हेतु तैयार किये है जिनकी सूची जयपुर डेयरी की वेबसाईट jaipurdairy.com पर देखी जा सकती हैं।
उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु मिठाईयों की बल्क बुकिंग हेतु डिमाण्ड जयपुर डेयरी के फोन नं. 0141-2713670 पर दे सकतें हैं। एमडी मनीष फौजदार ने बताया कि काजू कतली एवं बूंदी के लड्डू के साथ ही जयपुर डेयरी द्वारा तैयार गुलाब जामून, रसगुल्ला, पेड़ा, खोआ (मावा) एवं सोनपापड़ी भी बिक्री हेतु उपलब्ध रहेगें।
इसके अलावा जयपुर डेयरी ने सरस मिठाईयों एवं उत्पादों के पांच प्रकार के गिफ्ट पैक भी बिक्री हेतु तैयार किये है। गिफ्ट पैक नं.1 में रसगुल्ला 500 ग्राम, गुलाब जामून 500 ग्राम, सोनपापड़ी 400 ग्राम, सरस पेड़ा 500 ग्राम, 06 फ्लेवर्ड मिल्क कैन होगें, जिसकी एम.आर.पी. 1150 रू., गिफ्ट पैक नं. 2 में रसगुल्ला एक किलो, गुलाब जामून एक किलो जिसकी एम.आर.पी. 475 रू., गिफ्ट पैक नं.3 में रसगुल्ला 500 ग्राम, गुलाब जामून 500 ग्राम जिसकी एम.आर.पी. 260 रू., गिफ्ट पैक नं. 4 में रसगुल्ला एक किलो, गुलाब जामून एक किलो, सोनपापड़ी 400 ग्राम, सरस पेड़ा 500 ग्राम, कलाकन्द 500 ग्राम जिसकी एम.आर.पी. 1120 रू., गिफ्ट पैक नं. 5 में 06 फ्लेवर्ड मिल्क कैन, 03 कोल्ड कॉपी कैन, श्रीखण्ड मैंगो 100 ग्राम के 03 नग, श्रीखण्ड केसरपिस्ता 100 ग्राम के 03 नग जिसकी एम.आर.पी. 530 रू. होगी।
Comments