6-year-old boy Death: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से छह वर्षीय मासूम की मौत

रोड क्रॉस करते समय हुआ हादसा, टक्कर मारकर बाइक चालक फरार, पिता ने दर्ज कराया मामला

Published On

6-year-old boy Death: हनुमानगढ़। टाउन में फतेहगढ़ रोड पर सड़क पार कर रहे छह वर्षीय बालक को तेज रफ्तार मोटर साइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राजकीय जिला चिकित्सालय से बीकानेर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसी रात उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मोटर साइकिल चालक मौके से फरार हो गया। टाउन थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में रामरतन पुत्र रामप्रसाद कश्यप निवासी कुड़ा शाहपुर जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश, हाल सच ब्रिक्स, चक 21 एचएमएच, श्रीनगर पीएस टाउन ने बताया कि 25 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3.30 बजे उसका छह वर्षीय पुत्र संजय फतेहगढ़ रोड पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से मोटर साइकिल नंबर एचआर 25 जे 8390 चलाते हुए आए चालक ने संजय को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बालक दूर जा गिरा और उसके सिर में चोट लग गई।

हादसे के बाद मोटर साइकिल चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। रामरतन अपने घायल बेटे को राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे और उसे भर्ती करवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया। 25 अक्टूबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच संजय की मौत हो गई। रिपोर्ट के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल पप्पूराम को सौंपी गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts