शिक्षा और रोजगार
Chirayu Health Scheme: चिरायु योजना का अब मध्यम आय वाले परिवारों को भी होगा फायदा, जानें क्या है फीस
अब 5 लाख रुपये तक मिलेगा कैशलेस इलाज
Chirayu Health Scheme: चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा सरकार ने मध्यम और अधिक आय वाले परिवारों को भी सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री चिरायु स्वास्थ्य योजना का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के तहत अब 3 लाख रुपये से अधिक सालाना आय वाले पात्र परिवार भी योजना का लाभ उठा सकेंगे। नई व्यवस्था 1 नवंबर, हरियाणा दिवस से लागू होगी। इसके तहत परिवार अपनी सालाना आय के अनुसार 4,000 या 5,000 रुपये का योगदान देकर हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस अस्पताल उपचार करा सकेंगे।
आय के अनुसार देना होगा सालाना योगदान
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि विभाग की 13 अक्तूबर, 2026 की अधिसूचना के अनुसार चिरायु विस्तार योजना 1 नवंबर से लागू होगी। इसके तहत 3 लाख रुपये से अधिक और 6 लाख रुपये तक की सत्यापित सालाना आय वाले परिवारों को हर साल 4,000 रुपये देने होंगे। वहीं, 6 लाख रुपये से अधिक सालाना आय वाले परिवारों को 5,000 रुपये का वार्षिक योगदान देना होगा। इसके बदले पात्र परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा सकेंगे। परिवार की पात्रता का सत्यापन परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा।
2,694 तरह के उपचार का मिलेगा लाभ
योजना के तहत सर्जरी, विभिन्न बीमारियों के इलाज और डे-केयर प्रक्रियाओं सहित कुल 2,694 उपचार पैकेज शामिल हैं। निर्धारित नियमों के अनुसार संबंधित दवाओं और जांचों का खर्च भी इसमें कवर होगा। योजना में परिवार के सदस्यों की संख्या और उनकी उम्र को लेकर कोई सीमा नहीं है। पहले से मौजूद बीमारियों का इलाज भी इसमें शामिल है। इसके अलावा, अस्पताल में भर्ती होने से तीन दिन पहले तक की जांच और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 15 दिन तक के पात्र चिकित्सा खर्च भी योजना के तहत कवर किए जाएंगे।
Comments