Ganesh Raj Bansal Latest News: हनुमानगढ़ में गणेश राज बंसल की भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील से मचा सियासी घमासान

नगर परिषद चुनाव में 32 वार्डों में जीत के बाद बदले सियासी समीकरणों के बीच चर्चा तेज

Published On

Ganesh Raj Bansal Viral Video: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 1 मिनट 53 सेकेंड का वीडियो बुधवार को जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में विधायक बंसल आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को वोट देकर विजयी बनाने की अपील करते नजर आ रहे हैं। नगर परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों के दम पर बहुमत हासिल कर बोर्ड बनाने वाले विधायक की इस अपील को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हाल ही में सम्पन्न हुए हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव में विधायक गणेश राज बंसल ने दो-तीन वार्डों को छोड़कर शेष वार्डों में अपने समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। इनमें 32 वार्डों में जीत दर्ज कर उनकी टीम ने बहुमत हासिल किया और नगर परिषद में निर्दलीय बोर्ड बनाया। इसके बाद शहर की राजनीति में कई घटनाक्रम सामने आए। विधायक बंसल के खिलाफ विभिन्न मामले दर्ज हुए और फर्जी पट्टे जारी करने के करीब 23 वर्ष पुराने मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई। रिमांड के बाद उन्हें एक रात जिला कारागृह में भी बितानी पड़ी। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सामने आए उनके वीडियो ने राजनीतिक चर्चाओं को नया विषय दे दिया है।

वीडियो में मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में काम करने की बात

वायरल वीडियो में गणेश राज बंसल कहते हैं कि जनता के सहयोग से वे वर्ष 2023 में हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में कार्य किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में हनुमानगढ़ नगर परिषद में उनकी टीम ने निर्दलीय बोर्ड बनाया है और यह बोर्ड भी मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनता के कार्य करेगा। विधायक ने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनाव में भी मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को वोट और समर्थन देकर विजयी बनाएं।

भाजपा का जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की अपील

गणेश राज बंसल ने जिला परिषद के विभिन्न जोनों में भाजपा के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे अधिकृत प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की, ताकि भारतीय जनता पार्टी का जिला प्रमुख बन सके। इसके साथ ही उन्होंने हनुमानगढ़ जंक्शन और टाउन पंचायत समिति में भाजपा के अधिक से अधिक डायरेक्टर जिताकर पार्टी का प्रधान बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाताओं से पुन: अपील करते हुए भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने और सरकार का सहयोग करने की बात कही। विधायक के इस वीडियो के सामने आने के बाद अब पंचायती राज चुनाव के दौरान जिले में राजनीतिक समीकरणों और चुनावी चर्चाओं पर लोगों की नजरें टिकी हैं।

About The Author

Related Posts