झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मोहाली में कांग्रेस का धरना
झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मोहाली में कांग्रेस का धरना
मोहाली, एजेंसी। Mohali News: पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलवीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में वीरवार को मोहाली के दारा स्टूडियो चौक पर परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा। सिद्धू ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार नशा खत्म करने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं। उन्होंने सरकार से नशा तस्करी रोकने के लिए उठाए गए वास्तविक कदमों का ब्योरा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केवल विज्ञापनों और बयानों से पंजाब के युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेता ने झोटा के परिवार को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। मामले के सभी तथ्यों को सामने लाकर जिसकी भी जिम्मेदारी तय हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सिद्धू ने कहा कि सरकार को सवालों से बचने के बजाय जवाबदेही तय करनी चाहिए। कांग्रेस नशे और अपराध के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। धरने में बाबा कश्मीरा सिंह, मुख्तियार सिंह, नरिंदर सिंह, नीरो देवी, बिमला देवी, हैप्पी मलिक, आशु मलिक और अन्य लोग मौजूद रहे।