सीआईए नूंह से मुठभेड़ में मारा गया गौ तस्कर साजिद उर्फ आडवाणी
पुलिस ने गाड़ी रुकवाई तो फायरिंग कर दी शुरू, एक तस्कर की मौके पर मौत, दो फरार
गुरुग्राम, सच कहूँ न्यूज। Gurugram News: गुरुवार की सुबह यहां सीआईए नूंह के साथ गौ तस्करों की उस समय मुठभेड़ हो गई, जब वे एक थार गाड़ी में पशुओं को तस्करी के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने गाड़ी रुकवाने की कोशिश की तो गाड़ी में से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक गौ तस्कर को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। दो मौके से फरार हो गए। मारे गए तस्कर की पहचान साजिद उर्फ आडवाणी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वांछित गौ तस्कर और एटीएम मशीन उखाड़ने का आरोपी साजिद उर्फ आडवाणी एक काले रंग की थार में गायों को तस्करी के लिए ले जा रहा था।
नूंह की क्राइम ब्रांच टीम उसका पीछा कर रही थी। जब वे सोहना के गांव सिलानी के पास पहुंचा तो पुलिस टीम ने उसे रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस ने गाड़ी को घेरा तो गाड़ी के अंदर से पुलिस पर फायरिंग कर दी। अपना बचाव करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने भी गाड़ी पर फायरिंग की। इसमें एक व्यक्ति को पुलिस की गोली लगी। गाड़ी में सवार दो युवक जंगल की तरफ भाग गए। गाड़ी में मारे गए व्यक्ति की पहचान कुख्यात गौ तस्कर साजिद उर्फ आडवाणी के रूप में हुई। वह नूंह जिला के गांव खरखड़ी का रहने वाला था। उसके शव को सोहना अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया।
आडवाणी पर हत्या डकैती सहित दर्ज हैं करीब दो दर्जन केस
पुलिस के अनुसार आडवाणी पर हत्या, डकैती, पशु तस्करी, वाहन चोरी के करीब दो दर्जन केस दर्ज हैं। मार्च 2018 में पटौदी से हुई एक कार चोरी में उसे गिरफ्तार किया गया था। बिलासपुर क्राइम ब्रांच उसे एटीएम चोरी के मामले में वारदात वाले स्थान पर निशानदेही के लिए ले जा रही था। उस दौरान वह शौच जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया था। नूंह क्राइम ब्रांच ने सिर दर्द बने साहिद उर्फ आडवाणी के एनकाउंटर से अपराध की दुनिया से एक बड़ा नाम मिटा दिया है।