शिक्षा और रोजगार
प्रताप स्कूल में अभिभावक-अध्यापक बैठक, बच्चों की प्रगति पर हुआ मंथन
प्रताप स्कूल में शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर बच्चों के भविष्य पर की चर्चा
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: प्रताप स्कूल में अभिभावक-अध्यापक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, खेलकूद गतिविधियों तथा सर्वांगीण विकास पर चर्चा करना और विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या दया दहिया एवं एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने अभिभावकों का स्वागत किया। शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, कक्षा में प्रदर्शन, नियमित उपस्थिति, व्यवहार एवं सुधार की आवश्यकता वाले विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रधानाचार्या दया दहिया ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और अभिभावकों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी दिनचर्या, खानपान, मोबाइल के उपयोग और मानसिक स्थिति पर भी ध्यान दें। नियमित उपस्थिति, समय पर गृहकार्य और शिक्षकों के निर्देशों का पालन विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।