Praveen Kumar Swimming Coach: शाह सतनाम जी बॉयज शिक्षण संस्थान के तैराकी कोच का एशियन चैंपियनशिप में चयन

22वीं मास्टर्स नेशनल में चमके प्रवीण कुमार इन्सां

Published On

Praveen Kumar Swimming Coach: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शाह सतनाम जी बॉयज शिक्षण संस्थान में तैराकी कोच के रूप में सेवाएं दे रहे प्रवीण कुमार इन्सां ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के दम पर अब अंतर्राष्ट्रीय मंच पर जगह बनाई है। बहादुरगढ़ की एचएल सिटी में आयोजित 22वीं मास्टर्स नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 (Asian Masters Swimming Championship 2026, ) में प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन द्वितीय एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है।

प्रतियोगिता 4 से 10 अक्तूबर तक बेंगलुरु की डॉल्फिन स्विमिंग अकादमी में होगी। इसमें भारत सहित एशिया के करीब 53 देशों के तैराक हिस्सा लेंगे। प्रवीण कुमार ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के मार्गदर्शन और प्रेरणा को देते हुए कहा कि पूज्य गुरुजी ने हमेशा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रेरणा से वे लगातार मेहनत करते हुए खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार कर रहे हैं।

34 से 39 आयु वर्ग में तीन स्पर्धाओं में उतरेंगे

प्रवीण कुमार 34 से 39 आयु वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वे प्रतियोगिता में 200 मीटर ब्रेस्ट, 50 मीटर ब्रेस्ट और 50 मीटर बैक स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे। नेशनल चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।

20 साल से तैराकी से जुड़े, 10 साल से दे रहे कोचिंग

प्रवीण कुमार करीब 20 वर्षों से तैराकी से जुड़े हैं। उन्होंने करीब 10 साल बतौर खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इसके बाद पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल, सरसा में तैराकी कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनके नाम सीबीएसई नेशनल में छह गोल्ड मेडल भी हैं, जो भोपाल और विजयवाड़ा में आयोजित प्रतियोगिताओं में हासिल किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में वे करीब 450 पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2000 में अंबाला में आयोजित प्रतियोगिता में उन्हें हरियाणा का बेस्ट स्विमर चुना गया था।

नेशनल में सिल्वर के बाद एशियन चैंपियनशिप का टिकट

प्रवीण कुमार के अनुसार नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में उन्हें सिल्वर मेडल मिला था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ। अब बेंगलुरु में एशिया के 53 देशों के तैराकों के बीच वे भारतीय चुनौती पेश करेंगे। उनके अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर शाह सतनाम जी बॉयज शिक्षण संस्थान और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां, हेड कोच नवजीत भुल्लर, शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सरसा के प्रिंसीपल डॉ. दिलावर सिंह, स्कूल प्रिंसीपल राकेश धवन इन्सां सहित संस्थान के सभी प्रशिक्षकों की ओर से शुभकामनाएं दी गईं।

About The Author

Related Posts