Sultanpur Road Accident: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस, चंद सेकेंड में चली गई चार जिंदगियां
सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर जा रही थी एंबुलेंस
Sultanpur Road Accident: सुल्तानपुर (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। दुर्घटना में एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चंडीगढ़ से भारतीय सेना के एक सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी। इसी दौरान अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 79.6 माइलस्टोन के आसपास हुआ। शुरुआती जांच में एंबुलेंस के अनियंत्रित होने के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार चारों लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान एंबुलेंस चालक जसपाल, राजन सिंह पुत्र भूपति, गौरव सिंह पुत्र सत्यभान और राम समझ पुत्र जयसिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी मृतक देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ से देवरिया जा रही थी एंबुलेंस
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार पुलिस को डायल 112 के जरिए दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस के किसी वाहन से टकराने की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। एसपी के मुताबिक एंबुलेंस में भारतीय सेना के सूबेदार सत्यवान फौजी का पार्थिव शरीर था। उसे चंडीगढ़ से देवरिया ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में चालक के साथ सूबेदार के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
पुलिस ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी चार लोगों की पहचान कर ली है। शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारी घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहने और उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी शोक का माहौल है। पुलिस फिलहाल हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।