Rajendra Singh News: एशियन गेम्स फाइनल में भारतीय जर्सी में उतरे गांव के मिडफील्डर राजेंद्र सिंह

भारत के स्वर्ण पर संत नगर में जश्न

Published On

Rajendra Singh News: खारियां, (सच कहूँ/सुनील कुमार)। जिस संत नगर की गलियों में राजेंद्र सिंह ने हॉकी की शुरूआती बारीकियां सीखीं, शनिवार को उसी गांव की निगाहें एशियन गेम्स के फाइनल में उनकी हर चाल पर टिकी थीं। राजेंद्र भारतीय जर्सी में मैदान पर थे और गांव की धड़कनें मुकाबले के साथ बढ़ रही थीं। भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता तो संत नगर में जश्न की लहर दौड़ गई। मिठाइयां बांटी गईं, बधाइयां दी गईं और खिलाड़ी-ग्रामीण ढोल की थाप पर झूम उठे। गांव के घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग टीवी और मोबाइल स्क्रीन के सामने मैच देखते रहे।

पहले बराबरी, फिर भारत ने बनाई बढ़त

फाइनल मुकाबले में भारत और मलेशिया के बीच पहले क्वार्टर में 1-1 की बराबरी रही। दूसरे क्वार्टर के अंत तक भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली। तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक और गोल कर स्कोर 3-1 किया। अंतिम क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने दो और गोल दागकर मुकाबला 5-1 से अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए, जबकि जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने एक-एक गोल किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया और लॉस एंजिलिस-2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया।

तीन स्टेडियमों में भी मना जीत का जश्न

राजेंद्र की उपलब्धि पर नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी संत नगर, सतगुरु प्रताप सिंह हॉकी स्टेडियम जीवन नगर और राजीव गांधी खेल स्टेडियम बालासर के खिलाड़ियों ने भी जश्न मनाया। कोच बलजीत सिंह, मा. हरविंदर सिंह सोनी, गुरबचन सिंह, चांदनी सेन, कश्मीर सिंह, मुख्तार सिंह, संपत सिंह और सरपंच प्रतिनिधि दल सिंह सहित ग्रामीणों ने राजेंद्र सिंह और भारतीय टीम को बधाई दी।

राजेंद्र सिंह के लिए यह लगातार दूसरी बड़ी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। इससे पहले वह विश्व कप-2026 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उनकी उपलब्धि ने संत नगर की हॉकी प्रतिभाओं को भी नई पहचान दी है। हॉकी कोच बलजीत सिंह ने कहा कि राजेंद्र ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी खेल समझ और बेहतर तकनीक ने उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

About The Author

Related Posts