Rajasthan Railway News: इस केंद्रीय मंत्री के प्रयास से किशनगढ़ और अजमेर को मिली नई सौगात

हरिद्वार-वेरावल व हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस अब किशनगढ़-अजमेर होकर चलेंगी

Published On

Ajmer Kishangarh Train: किशनगढ़/अजमेर (सच कहूँ न्यूज़)। संसदीय क्षेत्र अजमेर एवं किशनगढ़ में रेल यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी के प्रयासों के फलस्वरूप गाड़ी संख्या 14326/14325 हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 14328/14327 हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस का किशनगढ़ एवं अजमेर होकर परिचालन स्वीकृत कर दिया गया है।

रेल मंत्री ने भागीरथ चौधरी की डिमांड को दी स्वीकृति: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी को भेजे पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यात्री मांग एवं परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप इन दोनों रेल सेवाओं का किशनगढ़ एवं अजमेर होकर संचालन स्वीकृत किया गया है। केंद्रीय कृषि भागीरथ चौधरी ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का संसदीय क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि किशनगढ़ एवं अजमेर को इन दोनों महत्वपूर्ण रेल सेवाओं से जोड़ने से क्षेत्र के यात्रियों को हरिद्वार, गुजरात एवं पश्चिमी भारत के विभिन्न क्षेत्रों के लिए आवागमन में बेहतर सुविधा और अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे। देश में रेल सेवाओं के विकास को लेकर बेहतर काम : केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में देश में रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं।

नई रेल सेवाओं का विस्तार, नई ट्रेनों का संचालन, विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव तथा विशेष अवसरों पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन से रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण एवं कायाकल्प हो रहा है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ-साथ देशभर में नई रेल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसका लाभ राजस्थान सहित अजमेर संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों को भी निरंतर मिल रहा है।

संसदीय क्षेत्र में सहूलियत के लिए प्रयास जारी: केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि संसदीय क्षेत्र अजमेर में रेल सुविधाओं के विस्तार एवं यात्रियों की आवश्यकताओं को लेकर वे निरंतर केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष मांग एवं सुझाव रखते रहे हैं। इसी क्रम में नई रेल सेवाओं के संचालन, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव एवं त्योहारों के दौरान विशेष रेल सेवाओं जैसी अनेक सुविधाएं संसदीय क्षेत्र को प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि अजमेर और किशनगढ़ की रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा क्षेत्रवासियों की आवश्यकता के अनुरूप भविष्य में भी रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

About The Author

Related Posts