Animal Feed: पशु आहार के रूप में धान की पराली का उपयोग एवं उपचार की विधियां

पशु आहार के रूप में धान की पराली का उपयोग एवं उपचार की विधियां

Published On

Paddy Stubble: धान की पराली को खेतों में जलाने के बजाय पशुओं के चारे के रूप में उपयोग करना किसानों के लिए लाभदायक विकल्प है। इसके लिए पराली को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर वैज्ञानिक तरीके से उपचारित करना आवश्यक है। बिना उपचारित पराली में प्रोटीन और पाचक पोषक तत्वों की मात्रा कम होती है। इसलिए यह अकेले पशुओं की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर सकती। अधिक मात्रा में खिलाने से कब्ज की समस्या भी हो सकती है। हालांकि, उचित उपचार द्वारा इसकी पौष्टिकता और पाचनशीलता बढ़ाई जा सकती है। इसके लिए यूरिया तथा यूरोमोल (यूरिया और शीरा) उपचार प्रमुख विधियां हैं।

1. यूरिया द्वारा पराली का उपचार: यूरिया उपचार के दौरान पानी और गर्मी की उपस्थिति में अमोनिया बनता है, जो पराली के कठोर रेशों को नरम करके उसकी पाचनशीलता बढ़ाता है। इससे पराली में नाइट्रोजन की मात्रा भी बढ़ती है। इस नाइट्रोजन का उपयोग सूक्ष्मजीव सूक्ष्मजीवी प्रोटीन बनाने में करते हैं, जो पशुओं की प्रोटीन आवश्यकता पूरी करने में सहायक होती है। इस विधि पर लगभग 50 पैसे प्रति किलोग्राम खर्च आता है।

उपचार की विधि: सबसे पहले 14 किलोग्राम यूरिया को 200 लीटर पानी में अच्छी तरह घोल लें। अब 400 किलोग्राम कुतरी हुई पराली को तिरपाल पर फैलाकर यूरिया के घोल का समान रूप से छिड़काव करें। पराली को अच्छी तरह मिलाकर शेड में ढेर लगाएं और तिरपाल से पूरी तरह ढककर 9 दिनों तक रखें। इस दौरान पराली के अंदर का तापमान 50-55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जिससे रेशों और लिग्निन के बीच के बंधन कमजोर होते हैं तथा पाचनशीलता बढ़ती है। नौ दिन बाद उपचारित पराली पशुओं के चारे के रूप में उपयोग की जा सकती है।

2. यूरोमोल (यूरिया+शीरा) द्वारा उपचार: इस विधि में 1 किलोग्राम यूरिया को 3 किलोग्राम शीरे में मिलाकर 100 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 30 मिनट तक गर्म करें। इसके बाद इसमें 30 लीटर पानी मिलाकर घोल तैयार करें। अब 100 किलोग्राम कुतरी हुई पराली को तिरपाल पर फैलाकर घोल का समान रूप से छिड़काव करें और अच्छी तरह मिला लें। उपचारित पराली को धूप में सुखाने के बाद पशुओं के आहार में इस्तेमाल किया जा सकता है। इन वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर किसान पराली जलाने से बच सकते हैं तथा फसल अवशेषों का उपयोग पशु आहार के रूप में करके संसाधनों की बचत कर सकते हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts