Bank of Baroda Recruitment 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा में 837 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, उम्मीदवारों को मिला एक और मौका

बैंक ऑफ बड़ौदा भर्ती: 837 पदों पर आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 7 दिसंबर तक करें अप्लाई

Published On

नई दिल्ली, एजेंसी। Bank of Baroda Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज (डब्ल्यूएमएस) विभाग के लिए अनुबंध के आधार पर निश्चित अवधि के लिए पेशेवरों के विभिन्न 837 पदों पर भर्ती के लिए रिक्तियों की घोषणा की है। 

बीओबी की ओर से जिन 837 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें ग्रुप हेड - असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II के 8, हेड इन्वेस्टमेंट - असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II का 1, टेरिटरी हेड - असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट I के 35, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर - असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट I के 2 और सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर - डिप्टी मैनेजर के 791 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 4 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि पहले 24 नवंबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 7 दिसंबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो अभ्यर्थी इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, वे बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय नई अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ मैनेजमेंट में 2 वर्ष की पूर्णकालिक पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा या एमबीए (फाइनेंस/मार्केटिंग/बैंकिंग) होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, कैंडिडेट्स के पास निर्धारित पेशेवर प्रमाणपत्र और संबंधित क्षेत्र में पद के अनुसार तय किया गया 3 से 12 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

पदों के अनुसार, आवेदकों की न्यूनतम आयु 24 से 35 वर्ष के बीच और अधिकतम आयु 35 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच, ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट या चयन प्रक्रिया के अगले चरणों के लिए उपयुक्त समझे जाने वाले किसी अन्य टेस्ट, साक्षात्कार, दस्तावेज़ सत्यापन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी बीओबी के वेतनमान के नियमों के तहत निर्धारित की जाएगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 850 रुपये और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/ईएसएम/डीईएसएम और महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपये तय किया गया है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि बीओबी की ओर से यह भर्ती अनुबंध के तहत शुरू में 5 वर्षों के लिए होगी, जिसे कर्मचारियों के संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर और बैंक की मर्जी से आगे 5 वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts