China News: चीन ने तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ 'शेनझोउ 24' अंतरिक्ष यान लॉन्च किया
चीन ने तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ 'शेनझोउ 24' अंतरिक्ष यान लॉन्च किया
बीजिंग। Shenzhou-24: चीन ने जिउक्वान सैटेलाइट प्रक्षेपण केन्द्र से बुधवार को लाँग मार्च 2एफ रॉकेट के जरिए शेनझोउ 24 अंतरिक्ष यान को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ तियांयोग अंतरिक्ष स्टेशन के लिए लाँच किया। 'शेंझोउ 24' अंतरिक्ष यान ने आज सुबह स्थानीय समयानुसार आठ बजकर 18 मिनट पर उत्तर-पश्चिमी चीन के एक लॉन्च स्थल से उड़ान भरी। इस अंतरिक्ष यान में तीन अंतरिक्ष यात्री सवार हैं। यह यान 'तियांगोंग' अंतरिक्ष स्टेशन की ओर जा रहा है।
सरकारी टीवी चैनल, 'चाइना सेंट्रल टेलीविजन' (सीसीटीवी) ने इसका प्रसारण किया।
अंतरिक्ष यान के चालक दल में चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी के साथ-साथ पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं।
जीशान अली अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक और चीन के 'तियांगोंग' अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं।
चीन ने 29 अप्रैल 2021 को अपने राष्ट्रीय 'तियांगोंग' अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण शुरू किया था, जब 'तियानहे' कोर मॉड्यूल को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित किया गया था। इसके बाद, तीन नवंबर 2022 को स्टेशन के बुनियादी ढांचे का निर्माण पूरा हुआ।
'तियांगोंग' स्टेशन का बुनियादी ढांचा 'टी' आकार का है, जिसमें 'तियानहे' कोर मॉड्यूल और उससे जुड़े दो प्रयोगशाला मॉड्यूल - 'वेंतियान' और 'मेंगतियान' शामिल हैं। इन तीनों मॉड्यूल का कुल वजन लगभग 69 टन है। स्टेशन के अंदर रहने योग्य कुल जगह लगभग 110 क्यूबिक मीटर है। इसमें एक बार में तीन अंतरिक्ष यात्री रह सकते हैं, और चालक दल बदलने के दौरान यहाँ छह लोग भी रह सकते हैं। इस स्टेशन को 15 वर्षों (2038 तक) के लिए काम करने के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
Comments