संविधान के मूल्यों के साथ युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज और विकसित भारत का संकल्प

यूथ आइकॉन कुशल, स्पोर्ट्स आइकॉन शैलजा और इन्फ्लुएंसर पूनम ने साझा किए अनुभव

Published On

हनुमानगढ़। संविधान दिवस के मौके पर बुधवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत हनुमानगढ़ की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में 'विकसित भारत युवा संवादÓ कार्यक्रम आयोजित किया गया। 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारतÓ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को संविधान के मूल्यों, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में यूथ आइकॉन कुशल, स्पोर्ट्स आइकॉन शैलजा और लोकल यूथ इन्फ्लुएंसर पूनम ने शिरकत की। उन्होंने युवाओं के साथ अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और विचार साझा करते हुए सकारात्मक सोच अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान यूथ आइकॉन कुशल ने युवाओं से नशामुक्ति के विषय पर संवाद किया और नशे से दूर रहकर जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही। वहीं स्पोर्ट्स आइकॉन शैलजा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पूनम ने अपना अब तक का सफर साझा करते हुए युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

माय भारत हनुमानगढ़ की जिला युवा अधिकारी प्रीति ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के बारे में जानकारी देना और उसके मूल्यों पर चर्चा करना है। इसके साथ ही नशामुक्ति को भी कार्यक्रम की प्रमुख थीम बनाया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को इससे बाहर निकालने के उपायों पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि डिप्रेशन, पारिवारिक समस्याओं सहित नशे की लत के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन जरूरी है कि इन कारणों को समझते हुए नशे से छुटकारा पाने पर ध्यान केन्द्रित किया जाए। युवाओं को अपने साथियों और आसपास के लोगों को भी सही दिशा दिखाने तथा उन्हें नशे से दूर रखने के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts