Rajasthan Transport Latest News: मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस लागू करने में राजस्थान देश में प्रथम

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की सराहना

Published On

Rajasthan Motor Vehicle Rules: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजस्थान सरकार द्वारा केंद्र सरकार की मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस-2025 को राज्य में लागू करने की पहल की सराहना की है। उन्होंने राजस्थान को देश का पहला राज्य बताया है, जिसने इन दिशा-निर्देशों को पूर्ण रूप से लागू किया है। गडकरी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित 'RIDE: A Showcase of Aggregator and Delivery Services' कार्यक्रम में बोल रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश में इन दिशा-निर्देशों को आंशिक रूप से लागू किया गया है।  

सेंट्रलाइज्ड पोर्टल का सुझाव

कार्यक्रम में राजस्थान के प्रमुख शासन सचिव, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग भवानी सिंह देथा ने राज्य में एग्रीगेटर सेवाओं के नियमन एवं डिजिटल पंजीकरण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। देथा ने बताया की राजस्थान सरकार ने केंद्र सरकार की मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस-2025 के अनुरूप 30 दिसंबर 2025 को अधिसूचना जारी कर राजस्थान मोटर व्हीकल्स एग्रीगेटर स्कीम रूल्स-2025 लागू किए। राजस्थान की नीति में केवल यात्री परिवहन सेवाओं को ही नहीं, बल्कि डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर्स और ई-कॉमर्स डिलीवरी सेवाओं को भी नियामकीय दायरे में शामिल किया गया है। नियमों के तहत राजस्थान में न्यूनतम 25 संबद्ध मोटर वाहन संचालित करने वाली पात्र संस्थाओं के लिए लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य किया है। लाइसेंस की वैधता पांच वर्ष है। साथ ही कंपनियों के लिए राज्य में कॉरपोरेट अथवा शाखा कार्यालय स्थापित कर अनुपालना अधिकारी नियुक्त करने का प्रावधान भी किया है। कार्यक्रम में उप परवहन आयुक्त वीरेन्द्र सिंह राठोड व अलवर आरटीओ रविन्द्र सिंह भी शामिल हुए।

चालक कल्याण को दिया विशेष महत्व

राजस्थान के एग्रीगेटर नियमों के प्रावधानों में चालकों के लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा तथा सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के प्रावधानों को शामिल किया है। इसके साथ ही वाहन चालकों की पहचान एवं दस्तावेजों का सत्यापन, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का पंजीकरण, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र और अन्य वैधानिक आवश्यकताओं की अनुपालना अनिवार्य की है। 

राजस्थान में 4.66 लाख वाहनों का एग्रीगेटर फ्लीट

उपलब्ध एग्रीगेटर फ्लीट आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान से संबंधित प्रमुख एग्रीगेटर कंपनियों के पास कुल 4,65,658 वाहनों का फ्लीट है। इसमें दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हैं।

कंपनीवार आंकड़े  सारणी…

एग्रीगेटर कंपनी दोपहिया तिपहिया चारपहिया कुल
Ola 62,272 11,395 9,066 82,733
Uber 57,420 8,778 8,780 74,978
Rapido 2,75,100 15,094 7,753 2,97,947
Bharat Taxi 4,000 2,500 3,500 10,000
कुल 3,98,792 37,767 29,099 4,65,658

डिजिटल पंजीकरण के लिए विकसित किया पोर्टल

राजस्थान सरकार द्वारा एग्रीगेटर कंपनियों के पंजीकरण, लाइसेंसिंग और वाहनों के ऑनबोर्डिंग के लिए समर्पित डिजिटल पोर्टल विकसित किया है। इसके माध्यम से कंपनियां ऑनलाइन लाइसेंस के लिए आवेदन करने तथा अपने वाहनों एवं चालकों का विवरण अपलोड करने की सुविधा प्राप्त कर सकती हैं। 18 नवंबर-2026 तक Bharat Taxi, Uber और Rapido ने राजस्थान के एग्रीगेटर पोर्टल पर पंजीकरण कर कुल 2,312 वाहन एवं चालक पोर्टल पर ऑनबोर्ड किए हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts