काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 23 लोगों की मौत, कई घायल

काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 23 लोगों की मौत, कई घायल

Published On

गोलाघाट। असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास रोंगाजान इलाके में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक मिनी बस की कंटेनर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

गोलाघाट के जिला कमिश्नर बिस्वजीत फुकन ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में कई लोगों की जान चली गई है और अनेक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बोकाखाट और जोरहाट के अस्पतालों में रेफर किया गया है।

35 से अधिक यात्री थे बस में सवार

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के समय मिनी बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस एक ट्रैवलर मॉडल की गाड़ी थी, जो तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान वह एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और बस से शवों को बाहर निकालने का काम जारी है। उन्होंने आशंका जताई कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

तेज रफ्तार और नियमों के उल्लंघन की आशंका

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मिनी बस काफी तेज रफ्तार में थी। काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास लागू गति नियंत्रण नियमों का उल्लंघन किए जाने की भी आशंका है। पुलिस को शक है कि कंटेनर ट्रक से टकराने से पहले चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था।

एसएसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर गाड़ी के खिलाफ पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज हुए थे। वाहन के कुल 12 चालान काटे गए थे, जिनमें 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया जा चुका था। हालांकि, 4,000 रुपये का एक चालान अभी भी बकाया था।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने जताया दुख

इस भीषण हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। इस हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कोई भी शब्द पीड़ित परिवारों के दुख को कम नहीं कर सकता, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts