Bharatiya Mazdoor Sangh Andolan: कर्मचारियों की मांगों को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी
8 दिसम्बर को होगा भारतीय मजदूर संघ का जिला अधिवेशन, मजबूत कार्यकारिणी बनाकर तय होगी आंदोलन की रणनीति
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। भारतीय मजदूर संघ जिला हनुमानगढ़ की बैठक बुधवार को जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में जलदाय विभाग परिसर स्थित बीएमएस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई। साथ ही भारतीय मजदूर संघ का जिला अधिवेशन 8 दिसम्बर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि जिला अधिवेशन टाउन स्थित विश्वकर्मा मंदिर प्रांगण में होगा। इसमें जलदाय, विद्युत, रोडवेज, असंगठित क्षेत्र और आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। अधिवेशन के दौरान संगठन की मजबूत जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसके माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया ने कहा कि विभिन्न विभागों के कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन बार-बार आंदोलन और प्रयासों के बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है।
कर्मचारियों के जायज काम लंबित हैं। ऐसे में अब मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार कर बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला अधिवेशन में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं को सुना जाएगा। इन समस्याओं और मांगों को एकत्रित कर प्रदेश स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। संगठन का उद्देश्य सभी विभागों के कर्मचारियों को एक मंच पर लाकर उनकी जायज मांगों को प्रभावी ढंग से उठाना है।
Comments